छत्रपतिनगर के आदिनाथ दिगंबर जैन जिनालय में अग्रसेन नगर महिला मंडल ने पुजारी और व्यास का सम्मान किया। उनके इस कार्य की सबने सराहना की। महिला मंडल का यह पुनीत कार्य अन्य महिला मंडलों के लिए आदर्श उदाहरण भी बना। पढ़िए इंदौर से यह खबर...
इंदौर। मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में मंगलवार को दिगंबर जैन आदिनाथ जिनालय छत्रपति नगर में अग्रसेन नगर महिला मंडल ने जिनालय में कार्यरत पुजारी वीरेंद्र जैन, राजेश जैन और हरीश व्यास को मोती माला पहनाई और सम्मान निधि और मिठाई भेंटकर सम्मान किया। मुख्य अतिथि विदुषी महिला नेत्री उषा पाटनी थी। मंडल की अध्यक्ष शीतल बक्षी एवं सचिव नूतन पाटौदी ने अतिथि स्वागत किया।उषा पाटनी ने महिला मंडल के कार्य की सराहना की

उषा पाटनी ने कहा कि जैन मंदिरों में कार्यरत पुजारी एवं व्यास पूरे वर्ष ठंड, गर्मी और बरसात में भी सुबह-सुबह सबसे पहले मंदिर में आकर मंदिर में दर्शन, अभिषेक एवं पूजन करने आने वाले श्रावकों के लिए संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करते हैं। इस बात को अग्रसेन नगर महिला मंडल ने महसूस किया और उनका सम्मान कर एक अनुकरणीय, सराहनीय और आदर्श कार्य किया है।

अन्य महिला मंडल भी इस कार्य से प्रेरणा लें

धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि जिनालय ट्रस्ट अध्यक्ष भूपेंद्र जैन एवं कार्याध्यक्ष डॉ.जैनेंद्र जैन ने भी संबोधित किया और महिला मंडल के इस कार्य को दूसरों के लिए अनुकरणीय बताया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शहर के अन्य महिला मंडल भी प्रेरणा लेकर अपने क्षेत्र के मंदिरों में पुजारी और व्यास के सम्मान की शुरुआत करेंगे। यह एक अच्छी परंपरा है इसके लिए अग्रसेन नगर महिला मंडल के पदाधिकारी साधुवाद के पात्र हैं। इस अवसर पर अंतिम गंगवाल, किरण पाटोदी, मीना शाह आदि उपस्थित रहीं।