ललितपुर। श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र गिरारगिरी में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर एवं वर्तमान शासन नायक भगवान महावीर स्वामी का 2553वां निर्वाण कल्याणक महोत्सव अपार श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। गणाचार्य श्री विरागसागर जी महाराज की प्रभावक शिष्या गणिनी आर्यिका 105 विन्ध्यश्री माताजी ससंघ के मंगल सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न नगरों एवं ग्रामीण अंचलों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल भगवान जिनेन्द्र देव के अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन के साथ हुआ। संगीतमय स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से आराधना की। भगवान महावीर के निर्वाणोत्सव पर निर्वाण लाडू समर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मुख्य निर्वाण लाडू का पुण्यार्जन श्रद्धालुओं ने बोली के माध्यम से प्राप्त किया। संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। समस्त धार्मिक क्रियाएं पंडित प्रदीप जैन शास्त्री, पंडित देवेंद्र कुमार जैन शास्त्री एवं नीरज शास्त्री के निर्देशन में विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुईं।

महोत्सव के अंतर्गत आयोजित निर्वाण लाडू सजाओ प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें श्रद्धालुओं ने अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक अभिरुचि का परिचय देते हुए विभिन्न प्रकार से लाडुओं को आकर्षक ढंग से सजाया। प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

सौभाग्यशाली पात्रों का किया चयन

इसके साथ ही गिरारगिरी में आगामी महामंडल विधान के लिए सौभाग्यशाली पात्रों का चयन भी किया गया। इस अवसर पर गणिनी आर्यिका 105 विन्ध्यश्री माताजी ने अपने मंगलमय प्रवचन में कहा कि भगवान महावीर स्वामी का जीवन मानवता, करुणा, अहिंसा और आत्मसंयम का अनुपम आदर्श है। उनके द्वारा प्रतिपादित अहिंसा, सत्य एवं अपरिग्रह के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने हजारों वर्ष पूर्व थे। यदि मनुष्य इन सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात कर ले, तो समाज में शांति, सद्भाव और नैतिकता का वातावरण स्थापित हो सकता है। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के आदर्शों को केवल श्रवण करने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने आचरण में उतारकर जीवन को सार्थक बनाएं।

आर्यिका माता जी संघ का सानिध्य मिला

आर्यिका संघ में आर्यिका 105 विद्वत्श्री माताजी, आर्यिका 105 सुनन्दन माताजी, आर्यिका सुवंदन माताजी, सुचन्दन माताजी एवं सुदर्शन माताजी सहित अन्य आर्यिकाओं का मंगल सान्निध्य प्राप्त हुआ। महोत्सव को सफल बनाने में गिरारगिरी ट्रस्ट समिति, प्रबंध समिति, वर्षायोग समिति एवं सकल दिगम्बर जैन क्षेत्रीय समाज का सराहनीय सहयोग रहा। समिति के महामंत्री प्रदीप जैन मड़ावरा ने संचालन किया। गिरारगिरी कमेटी के अध्यक्ष चक्रेश जैन, महामंत्री प्रदीप जैन मड़ावरा, कोषाध्यक्ष मुकेश सिंघई, कमलेश जैन, अनिल जैन, राजेश श्रज्जूश् मड़ावरा, दीपचंद्र जैन, अभिषेक जैन ‘दीपू’, त्रिलोक जैन एवं आलोक जैन आदि ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।

यहां के श्रद्धालुजन रहे मौजूद

इस अवसर पर मीडिया प्रभारी डॉ. सुनील जैन श्संचयश् ने अपना साहित्य गणिनी आर्यिका विन्ध्यश्री माताजी के कर कमलों में भेंट कर उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन में मड़ावरा, बरायठा, महरौनी, शाहगढ़, टीकमगढ़, ललितपुर, सोजना, सागर, बंडा, इंदौर, बड़ागांव, साढूमल, सौरई, खुटगुवा, गौना, नेकौरा, लुहर्रा एवं कारीटोरन सहित अनेक स्थानों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

भगवान महावीर के निर्वाण से प्रारंभ हुआ वीर निर्वाण संवत्

जैन दर्शन के अध्येता डॉ. सुनील ‘संचय’ ने बताया कि जैन परंपरा में भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक से ही दीपावली पर्व का विशेष आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक संबंध है। मान्यता के अनुसार, कार्तिक चतुर्दशी-अमावस्या की प्रत्यूष बेला में भगवान महावीर ने पावापुरी में निर्वाण प्राप्त किया था। इसी ऐतिहासिक तिथि से वीर निर्वाण संवत् का प्रारंभ माना जाता है। यह जैन परंपरा का अत्यंत प्राचीन कालगणना संवत् है। जैन समाज में निर्वाणोत्सव के साथ ही नववर्ष का शुभारंभ भी होता है। उन्होंने बताया कि 9 नवंबर को भगवान महावीर स्वामी का 2553वां निर्वाण महोत्सव श्रद्धा एवं भक्तिभाव से मनाया गया।