आगरा। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर,कलाकुंज मारुति स्टेट में वात्सल्य सेवा समिति, कलाकुंज-अवधपुरी के तत्वावधान में चल रहे 44 दिवसीय पार्श्वनाथ कल्याण स्रोत मंदिर विधान का चतुर्थ दिवस रविवार को श्रद्धा, भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। भगवान पार्श्वनाथ की आराधना के साथ विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम प्रारंभ हुआ। विधानाचार्य पंडित सुमेर जैन शास्त्री के निर्देशन में उपस्थित इंद्र-इंद्राणियों ने मंत्रोच्चार के साथ विधान की मांगलिक क्रियाएं विधिपूर्वक संपन्न कराईं। भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
विधान की धार्मिक क्रियाएं संपन्न
विधान के दौरान आयोजित संगीतमय भक्ति ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। मधुर भजनों एवं भक्ति गीतों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर भगवान पार्श्वनाथ की आराधना की। भक्ति गीतों के साथ मंदिर परिसर में श्रद्धा और आध्यात्मिकता का सुंदर संगम देखने को मिला। चतुर्थ दिवस के विधान के पुण्यार्जक राजकुमार जैन, पूनम जैन, यामिनी जैन एवं युवराज जैन कलाकुंज परिवार रहे। उनकी विशेष उपस्थिति में विधान की धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं।
धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम होंगे
वात्सल्य सेवा समिति की अध्यक्ष रश्मि जैन एवं अजय जैन ने बताया कि 44 दिवसीय विधान के आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सकल समाज के श्रद्धालुओं से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान पार्श्वनाथ की आराधना करने और धर्मलाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।




