खेरवाड़ा। सदर बाजार स्थित श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में पर्युषण पर्व के भाद्रपद शुक्ल बारस के अवसर पर बुधवार शाम बड़े प्रतिक्रमण का आयोजन किया गया। दिगंबर दशा हुमड़ जैन समाज के साधर्मी महिला-पुरुषों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लिया।

प्रतिक्रमण के भावार्थ समझाए

समाज अध्यक्ष सतीश पंचोली एवं मंत्री सौरभ शाह ने बताया कि बड़े प्रतिक्रमण का वाचन कन्हैयालाल शाह ने कराया। उन्होंने प्रतिक्रमण की विभिन्न क्रियाओं एवं उनके भावार्थ को विस्तार से समझाया।

प्रतिक्रमण के माध्यम से आत्मावलोकन, संयम, क्षमाभाव और धर्माचरण की प्रेरणा दी गई। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव एवं एकाग्रता के साथ धार्मिक क्रियाओं में सहभागिता की।

शांतिनाथ चरित्र का स्वाध्याय

प्रतिक्रमण के पश्चात भगवान शांतिनाथ के चरित्र का स्वाध्याय किया गया। पर्युषण पर्व की इस आराधना से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में वीरेंद्र वखारिया, बंशीलाल गांधी, रमेश पंचोली, नयना पंचोली, वर्षा पंचोली, कंचन पंचोली, शारदा पंचोली, उषा शाह, चंद्रा शाह, अंजु वखारिया, ममता वखारिया, सरोज पंचोली, कल्पना गांधी, विमला गांधी एवं सुशीला देवी पंचोली सहित बड़ी संख्या में साधर्मीजन उपस्थित रहे।