जयपुर। गुलाबी नगरी के जनकपुरी-ज्योतिनगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर के सहस्रकूट जिनालय में रविवार को 1008 जिन प्रतिमाओं का ऐतिहासिक महामस्तकाभिषेक श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। वर्ष 2018 में स्थापना के बाद जिनालय में विराजमान 1008 प्रतिमाओं का यह पहला सामूहिक महामस्तकाभिषेक था।

आयोजकों के अनुसार, सात सौ से अधिक श्रद्धालुओं ने पुण्यार्जक बनकर जिन प्रतिमाओं का अभिषेक किया। सुव्यवस्थित और अनुशासित ढंग से आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में सोने-सी चमकती प्रतिमाओं का अभिषेक होते देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

चार परिवारों को मिला प्रथम अभिषेक का सौभाग्य

प्रथम अभिषेक एवं भगवान नेमिनाथ की शांतिधारा का सौभाग्य फिरोजपुर झिरका निवासी सुभाष-राजेश गर्ग परिवार को मिला। द्वितीय अभिषेक एवं भगवान आदिनाथ की शांतिधारा पदम-पारस-पहुप बिलाला परिवार ने की।

तृतीय अभिषेक एवं भगवान पार्श्वनाथ की शांतिधारा सोभाग-तरुण-पंकज अजमेरा परिवार ने की, जबकि चतुर्थ अभिषेक का सौभाग्य देवेंद्र-मयूख-देवेश कासलीवाल परिवार को प्राप्त हुआ।

चौबीस तीर्थंकरों के नाम पर बनाए गए 24 समूहों में 24 परिवारों द्वारा एक साथ शांतिधारा करने का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

संयम महोत्सव के रूप में मनाया दीक्षा दिवस

वर्षायोग समिति के मुख्य संयोजक पदम जैन बिलाला ने बताया कि आचार्य श्री 108 आदित्यसागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में दीक्षा दिवस महामहोत्सव आयोजित किया गया।

आचार्यश्री ने दीक्षा दिवस को ‘संयम महोत्सव’ बताते हुए कहा कि संयम और आत्मानुशासन के बिना आध्यात्मिक उन्नति संभव नहीं है। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में संयम को अपनाकर साधना के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

लिफ्ट निर्माण कार्य का शिलान्यास

मंदिर परिसर में लिफ्ट निर्माण कार्य का शिलान्यास कीर्तिनगर निवासी श्रेष्ठी अशोक-शकुंतला-अंकित-प्रियंका चांदवाड़ परिवार ने विधि-विधानपूर्वक किया।

महामस्तकाभिषेक की व्यवस्थाओं में युवा मंच के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिमाओं को निर्धारित क्रम से उतारने, अभिषेक के बाद पुनः विराजित करने और व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया।

अतिथियों और श्रद्धालुओं की रही बड़ी सहभागिता

समारोह में मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ, पार्षद प्रेम बेड़तिया, पार्षद प्रेम जैन रांवका, मुख्यमंत्री कार्यालय के मीडिया कोऑर्डिनेटर आनंद शर्मा, राजस्थान जैन सभा के महामंत्री मनीष वैद तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कालीचरण सराफ वर्तमान में मालवीय नगर से विधायक हैं।

दिल्ली, गुरुग्राम, फिरोजपुर झिरका, आगरा, उदयपुर, महावीरजी, ललितपुर, कानपुर सहित विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु पहुंचे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान

कार्यक्रम का शुभारंभ श्वेता, निकिता, प्रियंका और दीपिका के मंगलाचरण से हुआ। श्रीजी नगर एवं लक्ष्मीनगर के श्रद्धालुओं ने भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। जैन पाठशाला के बच्चों ने ‘जीवन जीने की कला’ लघु नाटिका के माध्यम से प्रेरक संदेश दिया।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रही दीक्षा जैन को 21 हजार रुपये, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के विजेताओं को क्रमशः 11 हजार और 7,100 रुपये के पुरस्कार दिए गए। 28 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

गुरु पूजन एवं जिनवाणी स्तुति के साथ समारोह का समापन हुआ। जिनेश जैन ‘चीकू’, प्रबंध समिति, युवा मंच, महिला मंडल एवं समाजजनों के सहयोग से आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

श्रीफल साथी : पदम जैन बिलाला, जयपुर