जयपुर। महारानी फार्म स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर, गायत्री नगर में 11 दिवसीय दशलक्षण महापर्व मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। महापर्व के अंतिम दिन 25 सितंबर 2026 को भगवान वासुपूज्य के मोक्ष कल्याणक पर निर्वाण लाडू अर्पित किया गया।

अभिषेक, शांतिधारा और निर्वाण लाडू

प्रथम अभिषेक, शांतिधारा एवं भगवान वासुपूज्य को निर्वाण लाडू अर्पित करने का सौभाग्य सुनीला, सन्नी-मेघा झांझरी परिवार को प्राप्त हुआ। अन्य वेदियों पर गुंजन-मेघा, सुनील-लता, जितेंद्र पाटनी एवं आलोक शाह ने अभिषेक किए।

संयुक्त मंत्री संजय ठोलिया ने बताया कि अनंत चतुर्दशी पर प्रातः 5:45 बजे सामूहिक अभिषेक हुए। इसके बाद श्रीजी को माला पहनाने का सौभाग्य अशोक-विनय गंगवाल को मिला। समाजजन उन्हें सम्मान सहित शोभायात्रा के रूप में निवास तक ले गए।

15 से 25 सितंबर तक हुए दशलक्षण विधान

अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि 15 से 25 सितंबर तक दस लक्षण विधान का आयोजन हुआ। विधान की समस्त मांगलिक क्रियाएं विधानाचार्य पंडित अजीत शास्त्री ने संपन्न कराईं।

मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष अरुण शाह के नेतृत्व में आयोजित विधान में अनेक श्रद्धालुओं ने इंद्र-इंद्राणी के रूप में सहभागिता कर पूजा-अर्चना की। श्रावक श्रेष्ठियों एवं समाजजनों ने पूजा सामग्री में सहयोग प्रदान कर विधान को भक्तिभाव से संपन्न कराया।

संगीत, भक्ति नृत्य और भक्तामर पाठ

संगीतकार अविनाश शर्मा एंड पार्टी एवं सुनंदा अजमेरा ने मधुर भजनों के साथ विधान पूजन कराया। भक्ति गीतों पर श्रद्धालुओं ने नृत्य कर अपनी आस्था व्यक्त की।

महापर्व के दौरान दोपहर में 48 दिवसीय भक्तामर पाठ तथा रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। विधानाचार्य पंडित अजीत शास्त्री ने प्रतिदिन उत्तम क्षमा से लेकर उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म तक दसों धर्मों पर मंगल प्रवचन दिए।

11 समाजसेवियों का हुआ सम्मान

अनंत चतुर्दशी के अवसर पर मंदिर, धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने वाले 11 समाजसेवियों का मंदिर प्रबंध समिति द्वारा सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में अशोक बड़जात्या, दीपक सोगानी, प्रकाश बड़जात्या, गौरव शाह, अनिल बड़जात्या, राजकुमार जैन सीसीएनटी, उदयभान जैन बड़जात्या, संतोष काला, पंकज बैनाड़ा, आनंद बाकलीवाल एवं नम्रता जैन शामिल रहे।

सम्मान मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष अरुण शाह, उपाध्यक्ष विजय सोगानी, कोषाध्यक्ष राकेश छाबड़ा, संयुक्त मंत्री संजय ठोलिया सहित पदाधिकारियों एवं पूर्व पदाधिकारियों द्वारा किया गया।

27 सितंबर को क्षमावाणी महोत्सव

मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष अरुण शाह ने बताया कि 27 सितंबर को सायं 6 बजे से 6:15 बजे तक अभिषेक होगा। इसके बाद क्षमावाणी महोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें समाजजन एक-दूसरे से गले मिलकर वर्षभर में हुई जाने-अनजाने त्रुटियों के लिए क्षमायाचना करेंगे।

एक नजर में

- 11 दिवसीय दशलक्षण महापर्व का श्रद्धा से समापन हुआ।

- वासुपूज्य भगवान के मोक्ष कल्याणक पर निर्वाण लाडू अर्पित किया गया।

- दस लक्षण विधान की क्रियाएं पंडित अजीत शास्त्री ने संपन्न कराईं।

- धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र के 11 समाजसेवियों का सम्मान हुआ।

- 27 सितंबर को क्षमावाणी महोत्सव आयोजित होगा।

श्रीफल साथी : उदयभान जैन, जयपुर