जयपुर। परम पूज्य आचार्य श्री प्रणामसागर जी महाराज की प्रेरणा से अंतर्राष्ट्रीय भक्तामर दिवस के अवसर पर गायत्री नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में 9 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे 9 मिनट 9 सेकंड पर भक्तामर स्तोत्र का सामूहिक पाठ प्रारंभ हुआ।

आयोजन विश्व शांति, विश्व कल्याण एवं संपूर्ण मानवता के मंगल की भावना से मंदिर प्रबंध कार्यकारिणी समिति और जैन समाज के संयुक्त सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का प्रस्तुतीकरण एवं निर्देशन डॉ. राजकुमारी जैन सोगानी ने किया।

दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ

अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष अरुण शाह एवं गणमान्य समाजजनों ने दीप प्रज्वलन कर भक्तामर पाठ का विधिवत शुभारंभ किया।

उन्होंने बताया कि आचार्यश्री की प्रेरणा से देश के विभिन्न स्थानों पर भी भक्तामर पाठ आयोजित किए गए।

मंत्रों सहित भक्तामर पाठ

भक्तामर पाठ के दौरान डॉ. राजकुमारी जैन सोगानी ने काव्य क्रमांक 1, 6, 17, 26, 45 एवं 48 का मंत्रोच्चार कराया। पंच परमेष्ठी णमोकार महामंत्र का सामूहिक स्मरण भी किया गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं एकाग्रता के साथ पाठ में सहभागिता की।

कार्यक्रम में अध्यक्ष अरुण शाह, पूर्व अध्यक्ष कैलाश छाबड़ा, उदयभान जैन, बसंत बाकलीवाल, राकेश पाटोदी सहित अनेक श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहीं। अंत में अरुण शाह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों की ओर से प्रभावना स्वरूप श्रीफल भेंट किए गए।

श्रीफल साथी : उदयभान जैन, जयपुर