जयपुर। मानसरोवर स्थित फॉर्चून पैलेस के श्री 1008 चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर परिसर में जैन पाठशाला के शुभारंभ एवं उद्घाटन समारोह का आयोजन कम्युनिटी हॉल में श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बच्चों एवं अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
अतिथियों ने किया उद्घाटन
अखिल भारतवर्षीय धर्म जागृति संस्थान, राजस्थान प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष समाज गौरव पदम जैन बिलाला ने मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता के रूप में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्रमण संस्कृति संस्थान, सांगानेर के पाठशालाओं के प्रभारी विद्वान प्रदीप जैन शास्त्री मुख्य वक्ता रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन तथा महिलाओं एवं बच्चों के मंगलाचरण से हुआ। वक्ताओं ने बच्चों को धर्म, संस्कार और संस्कृति से जोड़ने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि धार्मिक संस्कार उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।
सप्ताह में दो दिन होगा संचालन
धर्म जागृति संस्थान के कोषाध्यक्ष पंकज लुहाड़िया ने बच्चों और अभिभावकों को पाठशाला से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि आचार्य श्री वसुनंदी जी महामुनिराज के वर्षवर्धन के शुभ अवसर पर प्रारंभ हुई पाठशाला का संचालन अभी सप्ताह में दो दिन किया जाएगा।
पाठशाला में बच्चों को धार्मिक शिक्षा के साथ जैन संस्कारों, जिनशासन के प्रति श्रद्धा और जीवन-मूल्यों की जानकारी दी जाएगी।
संयोजक व शिक्षकों की जिम्मेदारी
पाठशाला के सुचारु संचालन के लिए अमित बैनाडा और टीना जैन को संयोजक बनाया गया है। प्रीति बैनाडा, शिवानी जैन, निकिता लुहाड़िया एवं मीनू जैन को शिक्षिका की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयोजकों ने धर्म जागृति संस्थान के महेश काला, सुरेंद्र काला, मंदिर महासंघ के विपिन बज और विपिन गोधा सहित सहयोगियों का सम्मान किया। अतिथियों ने बच्चों को पाठशाला किट एवं उपहार भी प्रदान किए।
जिनवाणी स्तुति और कायोत्सर्ग के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। फॉर्चून पैलेस सहित आसपास के क्षेत्रों से आए अभिभावकों और बच्चों में पाठशाला के शुभारंभ को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
श्रीफल साथी : जयपुर




