जबलपुर। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन का 31वां राष्ट्रीय अधिवेशन 3 जनवरी 2027 को जबलपुर स्थित ओरिका क्लब रिसोर्ट में आयोजित किया जाएगा। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप संस्कारधानी के तत्वावधान में होने वाले अधिवेशन की तैयारियों को लेकर पिसनहारी की मढ़िया तीर्थ क्षेत्र में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
महाकौशल-विंध्य रीजन के अध्यक्ष सीए मनोज-साधना जैन के नेतृत्व में आयोजित बैठक में फेडरेशन के राष्ट्रीय पदाधिकारी, रीजन पदाधिकारी तथा विभिन्न सोशल ग्रुपों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।
एक हजार से अधिक दंपति सदस्यों के आने की संभावना
फेडरेशन के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक नितिन जैन ने बताया कि अधिवेशन में देशभर से एक हजार से अधिक दंपति सदस्यों के जबलपुर पहुंचने की संभावना है। उपस्थित पदाधिकारियों ने आयोजन को गरिमामय, सुव्यवस्थित और जबलपुर के गौरव के अनुरूप बनाने के लिए सुझाव दिए।
बैठक में महाकौशल-विंध्य रीजन के सभी ग्रुपों के समन्वय से अधिकाधिक सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
संगठनात्मक एकता और समन्वय पर जोर
बैठक का शुभारंभ रीजन सचिव हेमंत जैन ने स्वागत के साथ किया। राष्ट्रीय महासचिव विनय जैन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतीश वर्धमान, राष्ट्रीय अतिरिक्त महासचिव प्रवीण सिंघई, प्रशांत जैन, प्रदीप जैन तथा रश्मि पारस ने अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने संगठन की एकता, सामाजिक सहभागिता और विभिन्न ग्रुपों के बीच समन्वय को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई।
विभिन्न ग्रुपों के पदाधिकारियों ने रखे विचार
बैठक में महाकौशल-विंध्य रीजन के अध्यक्ष सीए मनोज-साधना जैन, सचिव हेमंत जैन एवं कोषाध्यक्ष सुनील-चित्रा घीया उपस्थित रहे। सतना मैत्री ग्रुप से अध्यक्ष आनंद जैन, कटनी मेन ग्रुप से अध्यक्ष सुधीर जैन और शहपुरा से सौरभ जैन ने सहभागिता की।
आयोजक ग्रुप संस्कारधानी की ओर से अध्यक्ष प्रदीप-सुनीता लक्ष्मी, सचिव चित्रा-सुनील घीया एवं कोषाध्यक्ष अनिल-आरती जैन सहित जबलपुर के सभी ग्रुपों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जबलपुर मेन ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष विकास जैन, वर्तमान अध्यक्ष सचिन जैन, नगर ग्रुप के सचिव सुरेंद्र जैन तथा जाबालीपुरम ग्रुप के अध्यक्ष आलोक जैन सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
इंदौर के परिचय सम्मेलन की भी जानकारी
राष्ट्रीय महासचिव विनय जैन ने 27 दिसंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने दोनों राष्ट्रीय आयोजनों को सफल बनाने के लिए सभी ग्रुपों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक के अंत में रीजन कोषाध्यक्ष सुनील-चित्रा घीया ने आभार व्यक्त किया। इसके बाद स्वरुचि भोज के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
श्रीफल साथी : नितिन जैन, जबलपुर




