जबलपुर। दशलक्षण महापर्व के चौथे दिन 19 सितंबर को महाष्टमी के अवसर पर श्री महावीर स्वामी मार्ग स्थित धर्मायतन श्री जिनमंदिर में उत्तम शौच धर्म की आराधना के साथ श्री पुष्पदंत भगवान का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया जाएगा।

श्री वीतराग विज्ञान मंडल एवं जैन युवा फेडरेशन के तत्वावधान में चल रहे दशलक्षण महापर्व के दौरान प्रतिदिन प्रातः एवं रात्रि 7:30 बजे से विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

तीसरे दिन हुई उत्तम आर्जव धर्म की आराधना

दशलक्षण महापर्व के तीसरे दिन उत्तम आर्जव धर्म के अवसर पर धर्मायतन श्री जिनमंदिर के प्रथम एवं द्वितीय तल पर विराजमान श्रीजी का जलाभिषेक महोत्सव भक्तिभाव से संपन्न हुआ। इसके बाद महिला-पुरुष, युवक-युवतियों एवं बच्चों ने सामूहिक पूजन में सहभागिता कर धर्म आराधना की।

‘मन-वचन-काय में सरलता और निष्कपटता ही आर्जव’

मुंबई से विशेष रूप से आमंत्रित विद्वान पं. विपिन शास्त्री ने शास्त्र स्वाध्याय के दौरान उत्तम आर्जव धर्म की व्याख्या की। उन्होंने श्रद्धालुओं को मन, वचन एवं काय में सरलता और निष्कपटता अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने धर्म के माध्यम से आत्मशुद्धि करते हुए जीवन में सद्गुणों को अपनाने की प्रेरणा दी।

प्रतिदिन हो रही तत्त्वार्थ सूत्र की कक्षा

महापर्व के दौरान प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से तत्त्वार्थ सूत्र की कक्षा आयोजित की जा रही है। इसमें श्रद्धालु जैन दर्शन एवं धर्मग्रंथों का अध्ययन कर उनके आध्यात्मिक और व्यावहारिक पक्ष को समझ रहे हैं।

महाष्टमी पर मोक्ष कल्याणक की विशेष आराधना

19 सितंबर को उत्तम शौच धर्म के साथ पुष्पदंत भगवान का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। आयोजकों के अनुसार उत्तम शौच धर्म लोभ के त्याग और अंतरंग शुद्धि की प्रेरणा देता है श्री वीतराग विज्ञान मंडल एवं जैन युवा फेडरेशन ने जैन धर्मावलंबियों से आयोजन में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है। आयोजन की जानकारी जैन युवा फेडरेशन के अध्यक्ष अभिषेक जैन, सचिव संदीप जैन, धर्मप्रचारक नितिन जैन, निशांत जैन, विशाल जैन एवं अखिलेश जैन ने संयुक्त रूप से दी।