इंदौर। मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज के सान्निध्य में 5 अक्टूबर को आयोजित 31वें महिला अधिवेशन में श्री दिगंबर जैन महिला महासमिति की त्रिशला इकाई ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप-10 इकाइयों में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

मीडिया प्रभारी रुचि चोविश्या जैन ने बताया कि अधिवेशन में देशभर के लगभग 100 संभागों से महिलाओं ने सहभागिता की।

प्रस्तुतियों ने बढ़ाया गौरव

त्रिशला इकाई की अध्यक्ष श्रीमती वंदना संदीप जैन, सचिव संगीता जैन, कोषाध्यक्ष अनीता जैन एवं पूरी टीम ने विभिन्न गतिविधियों और प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इकाई की ओर से भव्य जुलूस एवं वेनर प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा।

कार्यक्रम की प्रेरणास्रोत संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती सुनीता जैन रहीं। मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज ने महिला शक्ति को संबोधित कर मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। अधिवेशन का संचालन राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती शीला डोडिया ने किया।

टीम के लिए गौरव का क्षण

अध्यक्ष श्रीमती वंदना संदीप जैन ने बताया कि वार्षिक अधिवेशन में जयपुर, हरियाणा, महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न शहरों से महिलाएं सहभागिता करती हैं। उन्होंने कहा कि 6 हजार से अधिक महिलाओं की उपस्थिति वाला यह आयोजन महिला प्रतिभा, संगठन और सहभागिता का विशेष मंच है।

उन्होंने कहा कि त्रिशला इकाई का प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरी टीम के लिए गौरव और उत्साह का विषय है।

श्रीफल साथी : रुचि चोविश्या जैन, इंदौर