मुरैना। नगर के जैन विद्वान एवं चंबल संभाग क्षेत्रीय प्रभारी विद्वत् श्री नवनीत जैन शास्त्री को इंदौर में आयोजित श्री आदि पुराण भाग-1 राष्ट्रीय युवा विद्वत् संगोष्ठी में उल्लेखनीय धार्मिक एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय आयोजन पूज्य 108 निर्यापक श्रमण मुनिपुंगव श्री सुधासागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में छत्रपति नगर, दलाल बाग, इंदौर में 17 से 19 अक्टूबर तक आयोजित हुआ। आयोजन में लगभग 1100 विद्वान-विदुषियों एवं समाज के गणमान्यजनों की उपस्थिति रही।

धर्मप्रभावना के कार्यों के लिए मिला सम्मान

नवनीत जैन शास्त्री को धार्मिक शिविरों के व्यापक आयोजन, उत्कृष्ट संगठन क्षमता, सुव्यवस्थित कार्ययोजना और निरंतर धर्मप्रभावना के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

उनके मार्गदर्शन में चंबल संभाग में आयोजित धार्मिक शिविर ज्ञान, संस्कार, स्वाध्याय और धार्मिक जागरूकता के प्रभावी माध्यम बने हैं।

सामूहिक सहभागिता से कार्य करने में विश्वास

नवनीत जैन शास्त्री अपनी सौम्यता, विनम्रता और सहज व्यवहार के लिए पहचाने जाते हैं। वे धार्मिक आयोजनों में सभी सहयोगियों को साथ लेकर चलने तथा सामूहिक सहभागिता से कार्यों को सफल बनाने में विश्वास रखते हैं।

धर्म को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उन्होंने शिविरों, स्वाध्याय और विद्वत् गतिविधियों को प्रभावी माध्यम बनाया है।

चंबल संभाग के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि

राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान नवनीत जैन शास्त्री की धार्मिक सेवाओं के साथ-साथ चंबल संभाग की धर्मप्रभावना के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

श्रीफल साथी : मनोज जैन नायक, मुरैना