इंदौर। राष्ट्रीय खंडेलवाल सरावगी दिगंबर जैन महिला संगठन द्वारा गरबा थीम पर भव्य एवं उल्लासपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘रंगीला परिधान, रंगीला मन’ की थीम पर महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर उत्साह और उमंग के साथ गरबा किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वीणा सेठी, शेफाली बख्शी एवं राशिका नीमा उपस्थित रहीं। विभिन्न राज्यों के पारंपरिक परिधानों में सजी युगल जोड़ियों ने प्रांतीय गीतों पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह

संगठन के संस्थापक संदीप शीतल पहाड़िया के मार्गदर्शन में महिलाओं के उत्साहवर्धन के लिए रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

लगातार गरबा करने वाली प्रतिभागी को ‘फिरकनी’, सर्वश्रेष्ठ डांडिया मूव्स के लिए ‘डांडिया रानी’, पूरे समय ऊर्जावान प्रस्तुति के लिए ‘जोश हो तो ऐसा’ और आकर्षक प्रस्तुति देने वाली प्रतिभागी को ‘डांडिया नायिका’ सम्मान दिया गया।

इसके साथ ‘जरा मुस्कुरा दे’, ‘विचित्र आभूषण’, ‘केश श्रृंगार’, ‘मस्ताना डांडिया समूह’ और ‘इंद्रधनुष अवॉर्ड’ जैसी श्रेणियों में भी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

जल संरक्षण का दिया संदेश

वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आयोजन में जल संरक्षण का संदेश भी दिया गया। महिलाओं ने सांस्कृतिक उत्सव के साथ सामाजिक जागरूकता का संकल्प लिया।

पदाधिकारियों और सदस्यों का योगदान

आयोजन को सफल बनाने में संगठन की अध्यक्ष ज्योति सेठी, कार्याध्यक्ष अंजू सेठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोनिका काला, महासचिव नमिता कासलीवाल, सचिव मोनिका अजमेरा एवं श्वेता काला, कोषाध्यक्ष शेफाली गंगवाल, संगठन मंत्री दीपाली बज, मार्गदर्शक कल्पना बाकलीवाल तथा प्रभारी शीतल पहाड़िया एवं अंतिम गंगवाल का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम संचालन में ऋचा सेठी, मोनिका पहाड़िया, पुष्पा काला, खुशबू गोधा, हिमाली अजमेरा, अर्चना काला एवं सुरभि जैन ने सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

श्रीफल साथी : रुचि चोविश्या जैन, इंदौर