सीकर। राजकीय अतिथि आचार्य श्री 108 वर्धमान सागर जी महाराज दंग की नसिया, सीकर में विराजित हैं। आचार्य श्री के शिष्यों मुनि श्री प्रभास सागर जी, आर्यिका श्री सुदृष्टि माताजी एवं आर्यिका श्री निर्लेप मति माताजी की संयम समाधि साधना पूर्ण मनोयोग, एकाग्रता, धैर्य, निराकुलता और प्रसन्नता से चल रही है। आचार्य श्री वर्धमान सागर जी, मुनि श्री हितेन्द्र सागर जी, मुनि श्री चिंतन सागर जी एवं आर्यिका श्री शुभमती माताजी सहित अनेक साधु निरंतर संबोधन दे रहे हैं। डॉ. राजेश पंचोलिया के अनुसार आचार्य श्री ने संबोधन में बताया कि क्षपक साधुओं को संबोधन में शास्त्रों में वर्णन है कि जीवन को कैसे जिया जाए। सल्लेखना समाधि धर्म का आचरण कर जीवन को सार्थक करने का उपक्रम है। शरीर के माध्यम से व्रत-संयम किए जाते हैं। शरीर जब तप और संयम में बाधा उत्पन्न करता है, कमजोरी आती है, तब शास्त्रों में बताई विधि के अनुसार क्रमशः नियम और यम, सल्लेखना के माध्यम से व्रत, उपवास, आहार में क्रमशः त्याग कर शरीर को कृश किया जाता है। आचार्य श्री ने कहा कि सल्लेखना समाधि में कषायों, कर्मों को भी कृश किया जाता है। शरीर संयम के पालन में बाधक होने पर क्रमशः उपवास, त्याग करते हैं और यह विधि अरिहंत भगवान ने अपनी देशना में बताई, जिसे गणधर स्वामी ने लिपिबद्ध कर शास्त्रों में अंकित किया है।
चातुर्मास कलश वितरण समारोह 22 नवंबर को
उन्होंने कहा कि गृहस्थ लोग जन्म का महोत्सव मनाते हैं, शास्त्रों में साधुओं और श्रावकों के लिए मृत्यु महोत्सव मनाया जाता है। क्योंकि वीर और संयमी साधु मृत्यु का आह्वान कर मृत्यु से डरते नहीं, अपनी आंखों से मृत्यु को देखते हैं। 20 नवंबर को गुवाहाटी और बड़े बालाजी, जयपुर से आए चूड़ीवाल परिवार के भक्तों ने आचार्य श्री के चरण प्रक्षालन किए। पार्श्वनाथ मंदिर समिति, चातुर्मास समिति के तत्वावधान में सकल दिगंबर जैन समाज सीकर के सहयोग से प्रथमाचार्य श्री 108 शांतिसागर जी महाराज की परंपरा के पंचम पट्टाधीश, आचार्य 108 श्री वर्धमान सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में चातुर्मास कलश वितरण समारोह 22 नवंबर रविवार को धर्मसागर सभागार, पार्श्वनाथ भवन, दंग की नसिया, सीकर में प्रातः 8 बजे से आयोजित होगा। इसमें पूर्वाचार्यों का अर्घ्य, आचार्य श्री की पूजन एवं अर्घ्य, कलश पुण्यार्जक परिवारों का सम्मान, पश्चात आचार्य श्री का प्रवचन होगा।




