इंदौर। श्री हूमड़ जैन समाज ट्रस्ट, इंदौर के तत्वावधान में श्री हूमड़ युवा मंच, इंदौर द्वारा पर्वाधिराज पर्युषण पर्व के उपलक्ष्य में सामूहिक तपोत्सव चल समारोह और तपाभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 25 सितंबर शुक्रवार को कंचनबाग, बगीचा क्रं. 3, साऊथ तुकोगंज में होगा। कार्यक्रम आचार्य 108 श्री सुनीलसागर जी महाराज के पावन आशीर्वाद और आर्यिका 105 सुदृढ़मति माताजी एवं आर्यिका सुलेखमती माताजी के पावन सान्निध्य में सम्पन्न होगा। इस अवसर पर पर्युषण पर्व के दौरान सामूहिक तपोत्सव चल समारोह (पोसरा) में पांच, आठ, दस, सोलह एवं बत्तीस उपवास करने वाले हूमड़ तपस्वियों का सम्मान किया जाएगा और आर्यिका माताजी द्वारा आशीर्वचन प्रदान किए जाएंगे।

बालक बालिका भी होगे सम्मानित

इसके साथ ही 12 वर्ष तक के जिन हूमड़ बालक-बालिकाओं द्वारा इस वर्ष प्रथम उपवास किया गया है, उन्हें भी इस समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। तपोत्सव चल समारोह के कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे प्रथम उपवास वाले बच्चों का सम्मान, दोपहर 12.30 बजे तपोत्सव चल समारोह और दोपहर 1 बजे तपाभिनंदन एवं आर्यिका माताजी के आशीर्वचन का कार्यक्रम होगा।

चल समारोह में अपने परिवार सहित आने की अपील

क्षमावाणी पर्व का आयोजन 27 सितंबर रविवार को किया जाएगा। इस दिन सभी हूमड़जन सामूहिक क्षमावाणी के लिए इतवारिया बाजार में एकत्रित होंगे। आयोजकों ने निवेदन किया है कि पुरुष सफेद वस्त्र एवं महिलाएं केशरिया वस्त्र पहनकर आएं तो अति श्रेष्ठ रहेगा।समाजजनों से अनुरोध किया गया है कि यदि उनकी जानकारी में किसी भी हूमड़ तपस्वी भाई-बहनों ने तपस्या की हो तो उन्हें कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए अवगत कराएं और चल समारोह में अपने परिवार एवं हूमड़ इष्ट मित्रों सहित अवश्य पधारें।

इनका रहेगा संयोजन

इस आयोजन के अध्यक्ष अरविंद बंडी, मंत्री संजीव तलाटी, समन्वयक निखिल हूमड़, कार्यक्रम निर्देशक हिमांकी मादावत और तत्व झगड़ावत, कार्यक्रम प्रभारी दीपक मिण्डा और पूनम पाणोत हैं। श्री हूमड़ युवा मंच के अध्यक्ष अनुपम बक्षी और सचिव विनय भाणेज हैं।