इंदौर। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विपीन गांधी के नेतृत्व में आयोजित हूमड़ महाकुंभ एवं शपथ विधि समारोह संगठन, समर्पण और सेवा के संदेश के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में देश के विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में समाजबंधु और पदाधिकारी शामिल हुए। समारोह में समाज की एकता और संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया गया।

पांच राज्यों से पहुंचे करीब 800 समाजबंधु

हूमड़ महाकुंभ में महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान और आंध्रप्रदेश से करीब 800 समाजबंधुओं ने सहभागिता की। इनमें करीब 450 पदाधिकारी शामिल रहे। समारोह में पदाधिकारियों द्वारा उत्साह और अनुशासन के साथ अपने पदों की शपथ लेना आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।

पद एवं गोपनीयता की दिलाई शपथ

पंडित हंसमुख जी डागरिया (धरियावद), हूमड़ रत्न हंसमुख गांधी (इंदौर) एवं पूर्व कलेक्टर जयश्री कियावत (IAS) ने पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। पदाधिकारियों ने समाज और संगठन के प्रति समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

देशभर से अतिथियों ने की सहभागिता

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रीतम पलसदेवकर (पुणे), ओम प्रकाश गोदावत (उदयपुर), सुरेश संघवी (बांसवाड़ा), मिलिंद मेहता (मुंबई), विमलचंद गांधी (इंदौर), पवन गोवाड़िया (सागवाड़ा), भौमिक शाह एवं विमेश दोशी (अहमदाबाद) ने आतिथ्य प्रदान किया।

सुशील दोशी और शैलेन्द्र घीया को ‘हूमड़ रत्न’ सम्मान

समारोह में समाज के दो वरिष्ठ समाजसेवियों पद्मश्री सुशील जी दोशी एवं ‘जैन मित्र’ परम आदरणीय शैलेन्द्र जी घीया (मुंबई) को ‘हूमड़ रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। उनके सामाजिक योगदान और सेवाओं के प्रति समाज ने सम्मान व्यक्त किया।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

बेबी श्रिया चंपावत, जुगनू जी कापड़िया (सूरत) तथा अयाति व जेनिथ पाणोत परिवार के बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह का संचार किया और उपस्थित समाजजनों की सराहना प्राप्त की।

‘हूमड़ वाणी’ मासिक पत्र का विमोचन

समारोह में ‘हूमड़ वाणी’ मासिक पत्र का विमोचन भी किया गया। मंचस्थ अतिथियों एवं फेडरेशन के पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपादक यशपाल जुंवा द्वारा इसका विमोचन कराया गया।

रजनीकांत गांधी के निर्देशन में हुआ सफल संयोजन

आयोजन का सफल संयोजन प्रोविंस अध्यक्ष रजनीकांत गांधी के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन कौशल्या पतंगिया, कपिल शाह, प्रीतेश वगैरिया एवं शरद जी पाणोत ने किया।

राष्ट्रीय महामंत्री महेंद्र बंडी ने जताया आभार

राष्ट्रीय महामंत्री महेंद्र बंडी ने हूमड़ महाकुंभ में सहभागिता करने वाले सभी समाजजनों का आभार व्यक्त किया। समारोह ने संगठन, सेवा और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए हूमड़ समाज की सामूहिक शक्ति को एक मंच पर प्रस्तुत किया।