Lमुरैना। जैसवाल जैन उपरोचिया समाज की सेवाभावी संस्था जैसवाल जैन सेवा न्यास द्वारा समाजसेवा के साथ आध्यात्मिक गतिविधियों को भी गति दी जा रही है। इसी क्रम में खनियाधाना स्थित प्रसिद्ध श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र गोलाकोट में रविवार, 25 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सामूहिक विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ आयोजित किया जाएगा।
बैठक के निर्णय के अनुसार आयोजन
सेवा न्यास की गत माह आगरा में हुई बैठक में गोलाकोट तीर्थ की वंदना एवं सामूहिक धार्मिक आयोजन का निर्णय लिया गया था। न्यास के नवमनोनीत महामंत्री रविंद्र जैन जमूसर वाले, भोपाल ने बताया कि न्यास परिवार के सदस्य सपरिवार तीर्थ क्षेत्र पहुंचकर भगवान की आराधना, पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागी बनेंगे।
24 अक्टूबर को होगी पारिवारिक संवाद बैठक
सेवा न्यास के शीर्ष नेतृत्व की भावना के अनुरूप सभी न्यासियों को एक दिन पूर्व शनिवार, 24 अक्टूबर को सपरिवार गोलाकोट पहुंचने का आग्रह किया गया है। इस दौरान पारिवारिक वातावरण में आपसी संवाद के साथ न्यास की गतिविधियों, आगामी कार्ययोजनाओं तथा सामाजिक-धार्मिक सेवा कार्यों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
व्यवस्था और उद्देश्य
आयोजकों द्वारा स्वल्पाहार, आवास, पूजन एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य परिवार, समाज और विश्व में सुख-शांति, समृद्धि तथा सर्वकल्याण की मंगलभावना को सशक्त करना है।
सामूहिक विधान के पश्चात विश्व शांति एवं सर्वजीव कल्याण की भावना से महायज्ञ संपन्न होगा। सेवा न्यास परिवार ने साधर्मी बंधुओं और श्रद्धालु परिवारों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।
आयोजन समिति की अपील
सेवा न्यास अध्यक्ष प्रदीप जैन पीएनसी, आगरा; कार्याध्यक्ष सीए कमलेश जैन, गुरुग्राम; महामंत्री रविंद्र जैन जमूसर, भोपाल; रूपेश जैन, उत्तम नगर; तथा कोषाध्यक्ष सीए शैलेंद्र जैन, दिल्ली सहित पदाधिकारियों ने सभी न्यासियों, ट्रस्टियों एवं सदस्यों से सपरिवार आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।
श्रीफल साथी : मनोज जैन नायक, मुरैना





