आगरा। पद्मप्रभु महिला मंडल अवधपुरी की ओर से हरियाली तीज उत्सव हर्षाेल्लास और उमंग के साथ ससुराल रेस्टोरेंट में मनाया गया। कार्यक्रम में मंडल की महिलाओं ने उत्साह पूर्वक सहभागिता करते हुए तीज के पारंपरिक रंगों और सावन की खुशियों का आनंद लिया। इस अवसर पर महिलाओं ने तीज गीत, सावन की मल्हार, मनोरंजक खेलों एवं विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम के दौरान आपसी प्रेम, सौहार्द और महिला एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।

तीजोत्सव सौहार्द सहेजने का पर्व

कार्यक्रम में पद्मप्रभु महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्यों का विशेष सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया। वरिष्ठ सदस्य मधु जैन कंसल ने अपना बहुमूल्य समय देकर कार्यक्रम में सहभागिता की और सभी महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। मंडल की सदस्यों ने कहा कि हरियाली तीज केवल उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं, प्रेम और आपसी सौहार्द को सहेजने का पर्व है।

इसी तरह सांस्कृतिक कार्यक्रम करने का संकल्प

आयोजन के सफल होने पर सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम करने का संकल्प लिया। पद्मप्रभु महिला मंडल, अवधपुरी, आगरा की ओर से कार्यक्रम में सहयोग एवं सहभागिता करने वाली सभी सदस्याओं का आभार व्यक्त किया गया।