बदनावर। दीपोत्सव पर्व के उपलक्ष्य में नववर्ष प्रतिपदा कार्तिक शुक्ल एकम, मंगलवार एवं वीर निर्वाण संवत् 2553 के प्रथम दिवस पर ग्राम धमाना स्थित दयोदय गो सेवा केंद्र वर्द्धमानपुर में गौमाता पूजन गोसेवा परिवार का दीपावली मिलन समारोह श्रद्धा, उत्साह एवं उल्लास से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथिगण एवं गौभक्त परिवारों ने श्रद्धापूर्वक गौमाता को तिलक लगाकर पूजन-अर्चन किया तथा गौग्रास खिलाकर जीवदया एवं गोसेवा का पुण्यलाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को दीपावली एवं नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।
अतिथियों ने गौशाला की व्यवस्थाओं की सराहना की
कार्यक्रम में गौसेवा केंद्र के संरक्षक एवं नगर परिषद बड़नगर के अध्यक्ष अभय टोंग्या, बड़नगर के अशोक गोधा, दुर्गा धाम प्रमुख पंडित मनीष राठौड़ तथा वंडर सीमेंट के वरिष्ठ अधिकारी अनिल शर्मा मंचासीन रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में अल्प समय में विकसित हुई गौशाला की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से जीवदया एवं गोसेवा के इस पुनीत प्रकल्प से जुड़कर सहयोग करने का आह्वान किया।
आचार्य श्री विद्यासागर जी की प्रेरणा से बनी आधुनिक गौशाला
गोसेवा केंद्र समिति के अध्यक्ष राजेश मोदी ने गौशाला की स्थापना एवं विकास के बारे में बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व प्रारंभ हुई इस आधुनिक गौशाला का निर्माण आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की प्रेरणा से जैन समाज के भामाशाह एवं वंडर सीमेंट के अशोक पाटनी द्वारा रतनलाल कंवरलाल पाटनी फाउंडेशन के सहयोग से कराया गया है। लगभग 9 बीघा भूमि में विस्तारित इस जीवदया केंद्र में सुदृढ़ बाउंड्रीवॉल, विशेष गौशाला शेड, गौग्रास भंडार गृह, कांक्रीट सड़कें एवं सौर ऊर्जा प्रणाली जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण परिसर में पौधारोपण एवं सुंदर बगीचे का निर्माण भी किया गया है, जो यहां आने वाले गौसेवकों को शांति एवं सुकून का अनुभव कराता है। लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस दयोदय गो सेवा केंद्र में 24 घंटे सेवा कर्मियों की उपस्थिति में वर्तमान में 150 गौवंश का समुचित आहार-विहार एवं स्वास्थ्य देखभाल के साथ पालन-पोषण किया जा रहा है। इस केंद्र का उद्देश्य केवल गौवंश का पालन करना नहीं, बल्कि इसे जीवदया, करुणा एवं परोपकार का प्रेरणादायी केंद्र बनाना है।
राजेश मोदी ने गौशाला के लिए भेंट किया ट्रैक्टर
समारोह के अवसर पर गौशाला के उपयोगार्थ समिति अध्यक्ष श्री राजेश मोदी ने अपनी ओर से ट्रैक्टर भेंट किया। गौशाला में उनके द्वारा निरंतर किए जा रहे सेवाभावी योगदान, समर्पण एवं सहयोग के लिए उपस्थित अतिथिगण एवं वंडर सीमेंट प्रबंधन की ओर से साफा बांधकर, शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया गया। वहीं गौशाला परिवार की ओर से गौसेवा में अपनी विशेष सेवाएं देने वाले गौभक्त दिलीप मोदी का सम्मान किया गया। साथ ही गौशाला में सेवाएं दे रहे सेवाकर्मी अजय सारण एवं अन्य सेवा कर्मियों का भी सम्मान कर उनके कार्य की सराहना की गई।
गौसेवा एवं जीवदया से जुड़े लोगों ने रखे विचार
कार्यक्रम में लक्ष्मी गौशाला के ट्रस्टी भेरूलाल पंड्या, राजेश जैन (फुलजी बा), वर्द्धमानपुर शोध संस्थान के स्वप्निल जैन (इंदौर) एवं पैरालीगल वॉलंटियर शालिनी पाटोदी सहित अन्य गणमान्यजनों ने अपने विचार व्यक्त किए तथा गोसेवा एवं जीवदया के इस पुनीत कार्य की सराहना की। इस अवसर पर इंदौर से ओम पाटोदी, बड़नगर से जितेंद्र काला, प्रमोद गोधा, कपिल वेद बदनावर वर्द्धमानपुर के नीलेश मोदी, रमेश पंवार, रमेश यादव, मनोहरलाल जायसवाल, सुशील गोधा, रितेश मोदी, धनंजय अजमेरा, नवीन अजमेरा, रोहन मोदी, निखिल लुहाड़िया, संस्कार गोधा, शतांश जैन सहित वंडर सीमेंट के प्रबंधक एवं स्टाफ, बदनावर एवं बड़नगर दिगंबर जैन समाज की महिलाएं, बच्चे उपस्थित रहे। संचालन पवन पाटोदी ने किया।




