आगरा। श्री पद्मप्रभु जिनालय,अवधपुरी में दसलक्षण महापर्व का भक्तिमय शुभारंभ हुआ। प्रथम दिन 16 सितंबर को प्रातः श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। महापर्व के शुभारंभ अवसर पर श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। इसके पश्चात सौभाग्य शाली परिवारों द्वारा ध्वजारोहण किया गया, वहीं महिलाओं ने मंडल पर मंगल कलश की स्थापना की।विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के बीच हुए धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने अष्ट द्रव्यों के साथ उत्तम क्षमा धर्म की पूजन कर विधान की मांगलिक क्रियाएं संपन्न कीं।इस दौरान श्रद्धालुओं ने उत्तम क्षमा धर्म के माध्यम से आत्मशुद्धि, संयम और आपसी मैत्री का संदेश ग्रहण किया।

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की

कार्यक्रम में पंडित विवेक जैन शास्त्री ने उत्तम क्षमा धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्षमा आत्मशुद्धि का माध्यम है। मनुष्य को क्रोध, मान और अहंकार का त्याग कर सभी जीवों के प्रति मैत्रीभाव रखना चाहिए। सायंकाल श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से श्रीजी की मंगल आरती की। वहीं बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने विभिन्न धार्मिक एवं प्रेरणादायी स्वरूपों में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि आगरा के समस्त जैन मंदिरों में 16 से 25 सितंबर तक दसलक्षण महापर्व के दौरान दस धर्मों की आराधना के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे।

यह समाजजन रहे मौजूद

इस अवसर पर अतुल जैन, संजीव जैन,नितेश जैन,इंद्र प्रकाश जैन,ओम प्रकाश जैन, प्रवीण जैन,नरेंद्र जैन, जितेंद्र जैन, संजय जैन,पीयूष जैन,रवि जैन, करुणा जैन,पायल जैन,वंदना जैन, रेणु जैन,कविता जैन,पुष्पा जैन, रीता जैन,रंजना जैन,शालू जैन सहित अवधपुरी जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।