आगरा। न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर स्थित नव प्रतिष्ठित सर्वतोभद्र जिनालय में पर्वराज पर्यूषण महापर्व का श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ बुधवार को शुभारंभ हुआ। महापर्व के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने जिनेंद्र भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा कर विधिविधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। पंडित अंकित जैन शास्त्री, टीकमगढ़ के निर्देशन में संगीतमय वातावरण में उत्तम क्षमा धर्म की पूजन विधि संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने श्रीजी के समक्ष धर्म आराधना करते हुए उत्तम क्षमा धर्म को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।प्रातः कालीन धार्मिक कार्यक्रमों में नित्य नियम, पर्व पूजा एवं तत्वार्थ सूत्र का वाचन किया गया। मंदिर परिसर में भक्ति और धार्मिक वातावरण से श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।विद्वान द्वारा दशलक्षण धर्म के महत्व एवं आत्मशुद्धि के मार्ग पर प्रकाश डालते हुए धर्म प्रभावना की गई। महापर्व के तहत सायंकाल मंगल आरती एवं शास्त्र सभा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।

प्रतिभागियों ने भजनों के माध्यम से भगवान की भक्ति की

रात में पंकज जैन एवं बबीता जैन के संयोजन में भजन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न प्रतिभागियों ने भजनों के माध्यम से भगवान की भक्ति और जैन धर्म के सिद्धांतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी।भजनों की मधुर धुनों से पूरा जिनालय परिसर भक्तिमय हो उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं के लिए लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर रजत जैन, पंकज जैन, राजीव जैन, अजय जैन, राजेंद्र जैन, चिराग जैन, खुशबू जैन सहित सर्वतोभद्र जिनालय ट्रस्ट एवं परिवार तथा समस्त जैन समाज का विशेष सहयोग रहा। आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक, शास्त्रीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।