इंदौर। स्वच्छता में सिरमौर और सर सेठ हुकुमचंद जी की अहिंसा की धर्मनगरी इंदौर इस बार जैन धर्म के प्रमुख दसलक्षण महापर्व, 16 से 25 सितम्बर 2026 के दौरान एक अभूतपूर्व धार्मिक समागम की साक्षी बनने जा रही है। शहर में पहली बार 7,000 से अधिक शिविरार्थियों की सहभागिता वाला विशाल श्रावक संस्कार शिविर आयोजित किया जाएगा।

मुनि सुधासागर जी के सान्निध्य में 33वां श्रावक संस्कार शिविर

धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू, इंदौर ने बताया कि तीर्थ चक्रवर्ती निर्यापक मुनिपुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के विशेष आशीर्वाद एवं ससंघ परम सान्निध्य में 33वें ‘श्रावक संस्कार शिविर’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। दस दिवसीय यह महासाधना शिविर इंदौर में धर्म, संयम और संस्कार का नया अध्याय रचेगा।

देश-विदेश से जुटेंगे 7,000 से अधिक शिविरार्थी

श्रावक संस्कार शिविर में देश-विदेश से 7,000 से अधिक शिविरार्थी सहभागिता करेंगे। शिविरार्थी मुनि श्री सुधासागर जी महाराज के ओजस्वी मुखारविंद से धर्म का मर्म समझेंगे और दस दिनों तक संयम, साधना एवं संस्कारों की शिक्षा ग्रहण करेंगे।

विशाल संख्या में शिविरार्थियों की सहभागिता के कारण यह आयोजन जैन समाज के प्रमुख धार्मिक समागमों में शामिल होगा।

लगभग 80 साधु भगवंतों का मिलेगा पावन सान्निध्य

आयोजन की विशेषता विशाल संत वृंद का पावन सान्निध्य रहेगा। तीर्थ चक्रवर्ती मुनिपुंगव श्री सुधासागर जी महाराज के साथ प्रकृताचार्य आचार्य श्री सुनील सागर जी महाराज, आचार्य श्री सिद्धांत सागर जी महाराज, आचार्य श्री विप्रणत सागर जी महाराज एवं मुनि श्री साध्य सागर जी सहित लगभग 80 साधु भगवंतों का गरिमामय सान्निध्य और आशीर्वाद इंदौर को प्राप्त होगा।

विशाल संत वृंद की उपस्थिति को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह है।

‘अतिथि देवो भव:’ के भाव से आहारदान का अवसर

राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ के मयंक जैन ने कहा कि सकल जैन समाज के लिए यह परम सौभाग्य का अवसर है। शिविर में आने वाले 7,000 से अधिक शिविरार्थियों के वात्सल्यमयी भोजन की व्यवस्था में सहभागी बनकर समाजजनों को आहारदान का पुण्य अर्जित करने का अवसर मिलेगा।

शिविर के पुण्यार्जक चक्रवर्ती सेठ आकाश आलोक कोल परिवार एवं समाज के वरिष्ठों ने नगरवासियों और समाजजनों से इस पावन अवसर पर शिविरार्थियों की भोजन व्यवस्था में सहयोग कर पुण्यार्जन करने की अपील की है।

सजेंगे जिनालय, गूंजेंगे भक्ति के तराने

राजेश जैन दद्दू ने बताया कि 16 से 25 सितम्बर तक दसलक्षण महापर्व के अवसर पर इंदौर के सभी जिनालयों में भव्य एवं आकर्षक साज-सज्जा की जा रही है।

दसों दिन जैन मंदिरों में संगीतमय वातावरण में विशेष पूजन, विधान, शांतिधारा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इससे शहर के जिनालयों में धर्म और भक्ति का विशेष वातावरण निर्मित होगा।

सामायिक और श्रीजी की आरती से सजेगी हर शाम

प्रतिदिन सायंकाल सामायिक, श्रीजी की आरती के साथ विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आचार्य श्री सुनील सागर जी महाराज, मुनिपुंगव श्री सुधासागर जी महाराज एवं विशाल साधु वृंद के सान्निध्य को लेकर शहर के जैन समाज में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।

सकल जैन समाज की ओर से सभी समाजजनों को दसलक्षण महापर्व की अग्रिम हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं।