लार(टीकमगढ़)। निकटवर्ती श्री 1008 दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र अहार जी में सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन आचार्य श्री विवेक सागर महाराज ससंघ के सानिध्य एवं बाल ब्र. संजय भैया गुणाशीष,एवं प्रतिष्ठाचार्य पंडित मनोज शास्त्री के निर्देशन में किया जा रहा है। विधान के सातवें दिन श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीजी के समक्ष मंडल पर 512 अर्घ्य भक्ति भाव से समर्पित किये गये। साथ ही भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की गई। समाज सेवी मुकेश जैन लार ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान के आयोजन के पहले दिन से आज तक प्रतिदिन धर्मानुरागी सुबह से बड़ी संख्या में भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन और विधान करने बड़ी भक्ति भाव से अहार जी पहुंच रहे हैं। जगत कल्याण और विश्व में शांति के लिये वृहद महाशांतिधारा करने का सौभाग्य कपूरचंद्र,संतोष,चक्रेश,मुकेश,मुन्नालाल डिकोली एवं अंकित गुड़गांव परिवार को प्राप्त हुआ एवं आचार्य श्री के पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य अंकित गुड़गांव परिवार को मिला।
सिद्ध भगवान तीनों कर्म मलों से रहित हो गए हैं
विधान के दौरान आचार्य श्री विवेक सागरजी महाराज ने कहा कि सिद्धचक्र महामंडल विधान में सिद्धों की आराधना करने व सिद्ध भगवान के गुण अनुभाव का अवसर हमें प्राप्त हुआ है। सिद्ध भगवान तीनों कर्म मलों से रहित हो गए हैं। देह से रहित अनंत काल तक आनंद में विराजते हैं। आचार्य श्री ने कहा कि हम अपने दैनिक जीवन में मन से, वचन से,काय से, गलत काम करना, कराना एवं करने वाले की अनुमोदना करना,क्रोध के कारण,मान के कारण, माया के कारण,लोभ के कारण,किसी गलत कार्य को करने का विचार करना, गलत कार्य करने के साधन जुटाना एवं कार्य को प्रारंभ करना इस प्रकार से कुल 108 प्रकार के पापों का आश्रव करते रहते हैं।
108 पापों को नष्टकर 20 विशेष गुणों को प्राप्त कर सकें
सिद्ध परमेष्ठी इन 108 प्रकार के पापों से रहित होते हैं। हम भी अपने इन 108 पापों को नष्ट कर 20 विशेष गुणों को प्राप्त कर सकें। इसी कामना के साथ इस सिद्ध चक्र महामंडल विधान में सातवें दिन 512 अर्घ्य के माध्यम से सिद्ध भगवान की आराधना की गई।रात्रि मे महा आरती सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये।




