आगरा। न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर स्थित नवप्रतिष्ठित श्री सर्वतोभद्र जिनालय में बुधवार को मूलनायक अतिशयकारी भगवान आदिनाथ की पावन प्रतिमा पर भव्य छत्र समर्पण समारोह श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह के दौरान जिनालय परिसर भगवान आदिनाथ के जयकारों एवं भक्तिमय संगीत से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल भगवान आदिनाथ की पावन प्रतिमा के साथ जिनालय में विराजमान सभी प्रतिमाओं के अभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ। श्रद्धालुओं ने विधि-विधानपूर्वक भगवान का पूजन-अर्चन कर परिवार एवं समाज की सुख- समृद्धि की मंगल कामना की। इसके पश्चात भक्तामर विधान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ भाग लिया।
भक्तामर विधान कीधार्मिक क्रियाए हुई
भक्तामर विधान की धार्मिक क्रियाएं पंडित नीरज जैन शास्त्री ने विधि-विधान, धार्मिक मंत्रोच्चार एवं मंगल भावनाओं के साथ कराई। विधान के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और जिनेंद्र भगवान की आराधना करते हुए वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। विधान के उपरांत मूलनायक भगवान आदिनाथ की पावन प्रतिमा पर वीरेंद्र जैन एवं निर्मल जैन मोठया परिवार द्वारा श्रद्धा एवं भक्ति के साथ छत्र समर्पित किया गया। छत्र समर्पण की मंगल बेला में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ के जयकारे लगाए। छत्र समर्पण होते ही पूरा जिनालय परिसर भक्तिमय वातावरण से भर गया।
भक्तिमय भजनों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा
समारोह में संगीत शशि जैन पार्टी द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय भजनों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। मधुर भजनों एवं धार्मिक गीतों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और पूरा वातावरण जिनभक्ति से सराबोर हो गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने कहा कि जिनेंद्र भगवान की प्रतिमा पर छत्र समर्पित करना श्रद्धा, समर्पण एवं भक्ति का प्रतीक है। यह अवसर सभी के लिए अत्यंत पुण्य एवं सौभाग्य का विषय है। समारोह में राजीव जैन, रजत जैन, पंकज जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु, गणमान्य जन एवं समस्त श्री सर्वतोभद्र जिनालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने भगवान आदिनाथ के दर्शन कर धर्मलाभ लिया और समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की।




