भिंड। नगर के गौरव दीक्षार्थी भैया जी का 7 अक्टूबर को श्री 1008 महावीर जिनालय मंदिर, सेवा नगर स्थित 17 बटालियन से भव्य मंगल प्रवेश हुआ। दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के काफिले के साथ निकली यात्रा का समापन चैत्यालय मंदिर पर हुआ।
आर्यिका संघ के सान्निध्य में हल्दी-मेहंदी समारोह
सायंकाल ऋषभ सत्संग भवन, बताशा बाजार में नगर में विराजमान आर्यिका विजिज्ञासाश्री माताजी ससंघ के सान्निध्य में हल्दी-मेहंदी एवं संगीत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम भक्ति, उल्लास और धर्मप्रभावना के वातावरण में संपन्न हुआ।
विनौली यात्रा ने किया नगर भ्रमण
8 अक्टूबर को शाम 6 बजे किला गेट स्थित जैन मंदिर से विनौली यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा नगर भ्रमण करते हुए ऋषभ सत्संग भवन पहुंचकर संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर दीक्षार्थी के संयम पथ के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
संस्थाओं ने निभाई सहभागिता
कार्यक्रम का आयोजन गुरुसेवा परिवार द्वारा किया गया। इसमें श्री दिगंबर जैन महिला महासभा, चंदाप्रभु मंदिर कमेटी किला गेट, जिनागमपंथी जैन मित्र मंडल सहित अन्य संस्थाओं ने सहयोग किया।
पत्रकार सोनल जैन ने बताया कि 25 अक्टूबर को पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागरजी महामुनिराज के मंगल सान्निध्य में दिल्ली के लाल किला मैदान में भव्य जैनेश्वरी दीक्षाएं आयोजित होने वाली हैं। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
श्रीफल साथी : सोनल जैन, भिंड




