नौगामा स्थित निर्माणाधीन सुखोदय तीर्थ के नवीन जिनालय में भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा विराजमान होने के बाद दर्शनार्थियों का लगातार आगमन हो रहा है। महाआरती एवं सम्मान समारोह के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर है। पढ़िए श्रीफल साथी सुरेश चंद्र गांधी की यह रिपोर्ट।
नौगामा (बांसवाड़ा, राजस्थान)। सुखोदय तीर्थ नसिया जी के निर्माणाधीन नवीन जिनालय में भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा विराजमान होने के बाद श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। नौगामा नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक उल्लास का वातावरण है और दूर-दूर से श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।दूर-दूर से पहुंच रहे श्रद्धालु

प्रतिमा प्रतिष्ठापन के बाद प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं यात्रियों का तीर्थ क्षेत्र पर आगमन हो रहा है। पूरा परिसर भगवान के जयघोष और भक्ति भावना से गूंज रहा है, जिससे नौगामा नगर का वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो गया है।

समाजसेवी सुनील जैन ने किए दर्शन

हरियाणा के समाजसेवी एवं कुशलगढ़ रोड निर्माण कार्य से जुड़े कॉन्ट्रैक्टर सुनील जैन ने तीर्थ पहुंचकर भगवान मुनिसुव्रतनाथ के दर्शन किए। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छोटे से गांव में इतने भव्य जैन मंदिरों का निर्माण प्रेरणादायी है और यहां दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत आनंद का विषय है।

समाज ने किया सम्मान

जन समाज नौगामा की ओर से सुनील जैन तथा उनके साथ पधारे रामकुमार एवं संतोष शर्मा का पगड़ी, शॉल एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर सुनील जैन ने तीर्थ क्षेत्र के विकास में भविष्य में भी सहयोग देने का विश्वास दिलाया। साथ ही कलिंजरा नगर से नौगामा तक सड़क को उनकी मशीनरी से सुगम बनाने के लिए जैन समाज ने उनका आभार व्यक्त किया।

महाआरती में उमड़ी श्रद्धा

संध्या समय भगवान मुनिसुव्रतनाथ की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। प्रथम महाआरती का सौभाग्य गांधी राजेश कुमार शांतिलाल को प्राप्त हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाआरती में भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया।

समाज ने जताया आभार

जैन समाज अध्यक्ष विपुल पंचोरी ने धनपाल पंचोरी (वर्धमान हॉस्पिटल के प्रोपराइटर), भरत पंचौरी, प्रदीप पिंडारमिया एवं चौधरी नंदन जैन सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। जैन समाज प्रवक्ता सुरेश चंद्र गांधी ने बताया कि तीर्थ क्षेत्र में श्रद्धालुओं का आगमन निरंतर जारी है।