सनावद। शासकीय प्राथमिक विद्यालय गणेशपुरी, बासवा की प्रधानाध्यापिका अनुपमा जैन को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और विद्यालय विकास के लिए टीचर एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में 27 वर्षों की सेवा और विद्यालय को बेहतर बनाने के लिए किए गए प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।

टीचर्स एक्सीलेंस अवॉर्ड समारोह में मिला सम्मान

दैनिक भास्कर एवं डॉ. सी.वी. रमन यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित टीचर्स एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 समारोह में अनुपमा जैन को श्रेष्ठ शिक्षक के रूप में सम्मानित किया गया।

समारोह में खंडवा विधायक कंचन तन्वे, महापौर अमृता यादव, दैनिक भास्कर के संपादक अनिमेष शर्मा, यूनिट हेड हीरालाल प्रजापति, कुलसचिव डॉ. अनिल तिवारी, पूर्व कुलसचिव रवि चतुर्वेदी और विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अरुण जोशी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

27 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय

अनुपमा जैन पिछले 27 वर्षों से प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं दे रही हैं। वर्तमान में वे शासकीय प्राथमिक विद्यालय गणेशपुरी, बासवा की प्रधानाध्यापिका हैं। संसाधनों की चुनौतियों के बीच उन्होंने नवाचार, समर्पण और विभिन्न विद्यालयीन गतिविधियों के माध्यम से विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया है।

जनसहयोग से स्मार्ट टीवी और माइक सिस्टम की व्यवस्था

आर्थिक रूप से कमजोर एवं पिछड़े क्षेत्र में स्थित विद्यालय में वर्तमान में 66 विद्यार्थी दर्ज हैं। विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए दानदाताओं के सहयोग से स्मार्ट टीवी, माइक सिस्टम और बैठने की समुचित व्यवस्था सहित विभिन्न शैक्षणिक संसाधन जुटाए गए हैं। विद्यालय को सुविधायुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनाने के लिए अनुपमा जैन ने लगातार पहल की। विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ उनके सर्वांगीण विकास, नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

‘पूरी टीम के प्रयास से आगे बढ़ता है विद्यालय’

सम्मान प्राप्त करने पर अनुपमा जैन ने कहा, “सम्मान व्यक्ति के कार्य का अंत नहीं, बल्कि आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।” उन्होंने सहयोगी शिक्षिका उषा ठाकुर और वर्षा तोमर की टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से विद्यालय उन्नति करता है। ग्रामवासियों का भी निरंतर सहयोग मिलता है। उन्होंने सम्मान के लिए दैनिक भास्कर परिवार एवं डॉ. सी.वी. रमन यूनिवर्सिटी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी समर्पण से कार्य करने की बात कही।

पहले भी उत्कृष्ट शिक्षिका के रूप में हुईं सम्मानित

इससे पूर्व 26 जनवरी को विकासखंड शिक्षा अधिकारी रेवाराम वर्मा द्वारा भी अनुपमा जैन को उत्कृष्ट शिक्षिका के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। टीचर एक्सीलेंस अवॉर्ड मिलने से उनके परिवार, सहकर्मियों, विद्यार्थियों और क्षेत्र के शिक्षक समुदाय में हर्ष है। इस अवसर पर राज्य शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभुराम मालवीय, सहायक जिला परियोजना समन्वयक खेमराज सेन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी खरगोन एम.डी. महाजन सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। खंडवा वनवासी सृजन पीठ के कला प्रेरक एवं नाट्यकर्मी शरद जैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।