बकस्वाहा। निकटवर्ती ग्राम भगवां की रहने वाली आकांक्षा जैन ने कड़ी मेहनत और लगन के दम पर एमपीपीएससी के माध्यम से स्पोर्ट्स ऑफिसर (खेल अधिकारी) के पद पर चयनित होकर क्षेत्र ही नहीं बुंदेलखण्ड का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि यह उनकी चौथी सरकारी नौकरी है। आकांक्षा ने नवोदय विद्यालय में कक्षा 9वीं से जूडो खेलना शुरू किया और जूडो व कुश्ती में राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभागी बनकर कई पदक हासिल किए। उनके पास जूडो में ब्राउन व ब्लैक बेल्ट है। उन्होंने बीपीएड एमपीएड और एनईटी की परीक्षा उत्तीर्ण की है तथा वर्तमान में पीएचडी कर रही हैं।
सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुओं को
आकांक्षा ने राजस्थान में शारीरिक शिक्षक के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद मध्य प्रदेश वर्ग-3 और वर्ग-2 शिक्षक (खेल) के पद पर चयनित हुई। वर्तमान में वे सीएम राइज स्कूल बड़ामलहरा में पदस्थ हैं। अब एमपीपीएससी से स्पोर्ट्स ऑफिसर बनने पर परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और गुरुजनों व मित्रों के सहयोग को दिया। इस यात्रा में उनकी माता श्रीमती मुक्ता जैन (शिक्षिका), पिता एडवोकेट पवन कमार जैन, भाई एडवोकेट संभव जैन और बहन आर्या का समय-समय पर विशेष एवं प्रेरणादायक योगदान रहा है। साथ ही, उनके मित्रों के निरंतर मोटिवेशन ने भी उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई है।
इन समाजजनों ने दी बधाई और शुभकामनाएं
आकांक्षा जैन की इस गौरवशाली उपलब्धि पर सुरेश जैन आईएएस, न्यायमूर्ति विमला जैन, अभा दि जैन गो महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोषकुमार जैन बैटरी , भादि जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी मध्यांचल के अध्यक्ष डीके जैन, कार्यकारी अध्यक्ष संतोषकुमार जैन घड़ी, महामंत्री राजकुमार जैन घाटे, प्रचार प्रमुख/प्रवक्ता राजेश जैन रागी, बीजेएस के प्रांतीय महासचिव डॉ. विमल जैन, जैन तीर्थ रेशंदीगिरि नैनागिरि की प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. पूर्णचंद्र जैन, मंत्री देवेन्द्र लुहारी, जैन तीर्थ द्रोणगिरि की प्रबंध समिति के अध्यक्ष कपिल मलैया, ट्रस्ट मंत्री सुनील घुवारा, प्रबंध मंत्री सनत कुटौरा तथा उपाध्यक्ष प्रमोद पाटनी,निर्मल बारौ, उदासीन आश्रम द्रोणगिरि के अधिष्ठाता भागचंद्र जैन पीली दुकान,मंत्री गजेंद्र जैन मंडी, तीर्थधाम सिध्दायतन के अध्यक्ष आलोक दाऊ, शील नेता, एसके जैन प्राचार्य भगवां सहित अनेक जनप्रतिनिधि समाजसेवी गणमान्य महानुभावों ने बधाई शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।



