अहमदाबाद। लकुलिश योग विश्वविद्यालय, गुजरात में संचालित Certificate Course in Yoga Therapy (CYT) के प्रथम बैच का समापन समारोह 24 अक्टूबर को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित हुआ। अगस्त से अक्टूबर 2026 तक चले इस पाठ्यक्रम का शैक्षणिक समन्वय पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर निवासी डॉ. दिव्यांश जैन ने किया।

सिद्धांत और व्यवहार से जोड़ा प्रशिक्षण

असिस्टेंट प्रोफेसर एवं CYT कोऑर्डिनेटर डॉ. दिव्यांश जैन के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को योग चिकित्सा के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक पहलुओं, केस स्टडी, स्वास्थ्य संबंधी मापदंडों तथा योग के अनुप्रयोगों को समझने का अवसर मिला। पाठ्यक्रम में शैक्षणिक गतिविधियां, व्यावहारिक सत्र और प्रस्तुतियां आयोजित की गईं।

कुलपति ने सराहा समन्वय कार्य

समारोह में गुजरात सरकार के सड़क एवं भवन विभाग के पूर्व सचिव प्रदीपभाई नवलकिशोर जैन एवं श्रीमती सुरेखा जैन उपस्थित रहे। लकुलिश योग विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विवेक माहेश्वरी ने CYT पाठ्यक्रम के सफल संचालन और समन्वय के लिए डॉ. दिव्यांश जैन के प्रयासों की सराहना की।

अतिथियों ने योग शिक्षा में व्यावहारिक ज्ञान, अनुशासित प्रशिक्षण और शोधपरक दृष्टिकोण की उपयोगिता पर विचार रखे।

विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव

CYT विद्यार्थी मिली तातारिया ने कार्यक्रम का संचालन किया। तरुषि दीक्षित, यज्ञेश पटेल एवं हीना बुद्धदेव ने पाठ्यक्रम से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने डॉ. दिव्यांश जैन की सरल शिक्षण शैली, सहयोगात्मक दृष्टिकोण और विषयों को सहजता से समझाने की पद्धति की सराहना की।

26 विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र

समापन समारोह में अतिथियों का स्वागत, दीप प्रज्वलन, गीत प्रस्तुति एवं प्रमाणपत्र वितरण हुआ। डॉ. दिव्यांश जैन ने 26 विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए योग शिक्षा से प्राप्त ज्ञान का उपयोग स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता और शिक्षण-शोध के क्षेत्र में करने की प्रेरणा दी।

औपचारिक सत्र के बाद विद्यार्थियों ने गुजराती गरबा प्रस्तुत कर समारोह को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।