आगरा। ताजगंज स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मंगलवार को मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभातसागर जी महाराज ससंघ का मंगल प्रवेश श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ। मुनिसंघ के मंदिर पहुंचने पर समाजजनों ने जयकारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
निर्मल सेवा सदन से हुआ मंगल विहार
प्रातःकाल श्रद्धालु निर्मल सेवा सदन, छीपीटोला से मुनिसंघ के मंगल विहार में शामिल होकर ताजगंज जैन मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने पाद प्रक्षालन, आरती एवं पूजन कर मुनिसंघ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंगल प्रवेश के दौरान बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन एवं पूजन कर धर्मलाभ लिया।
जिज्ञासा समाधान में मिला मार्गदर्शन
सायंकाल मुनिसंघ के सान्निध्य में जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम आयोजित हुआ। श्रद्धालुओं ने धर्म और अध्यात्म से जुड़े प्रश्न रखे, जिनका मुनिश्री ने समाधान किया। कार्यक्रम में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
30 सितंबर को ताजमहल अवलोकन
मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि बुधवार, 30 सितंबर को प्रातः 6 बजे मुनि समत्वसागर जी महाराज ससंघ ताजमहल का अवलोकन करने जाएंगे। मुनिसंघ ताजमहल की स्थापत्य कला एवं इतिहास की जानकारी प्राप्त करेगा। इसके बाद मुनिसंघ पुनः ताजगंज जैन मंदिर पहुंचेगा, जहां मंगल प्रवचन एवं धार्मिक आयोजन होंगे।
कार्यक्रम में सहभागिता
इस अवसर पर संजय बाबू जैन, विजय जैन, योगेश जैन, विनय जैन, अरिहंत जैन, तनीश, पार्थ, मनोज जैन, महावीर जैन, मीरा जैन, पारुल जैन, रूपा जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
श्रीफल साथी : शुभम जैन, आगरा







