आगरा। ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में मुनि श्री समत्वसागरजी महाराज, मुनि श्री शीलसागरजी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभातसागरजी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में आयोजित पांच दिवसीय श्री जिन सहस्रनाम महामंडल विधान के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण रहा।

प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। भगवान जिनेंद्र की आराधना, मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

अभिषेक एवं वृहद शांतिधारा

विधान का शुभारंभ भगवान जिनेंद्र की प्रतिमाओं के अभिषेक एवं वृहद शांतिधारा से हुआ। पंडित विकास जैन शास्त्री के निर्देशन में विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराई गईं।

श्रद्धालुओं ने परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं विश्वकल्याण की मंगल कामना की। इसके बाद जिन सहस्रनाम महामंडल विधान की पूजन क्रियाएं प्रारंभ हुईं।

अष्टद्रव्य और अर्घ्य समर्पण

विधान में शामिल पात्रों ने भक्तिभाव से अष्टद्रव्य एवं अर्घ्य समर्पित कर भगवान जिनेंद्र की आराधना की। विधान के प्रत्येक चरण में भगवान के सहस्र नामों का स्मरण करते हुए आत्मकल्याण, धर्मप्रभावना और विश्व शांति की भावना व्यक्त की गई।

सौभाग्यशाली परिवारों ने मुनिसंघ का पाद प्रक्षालन कर शास्त्र भेंट किए तथा मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।

भजनों पर झूमे श्रद्धालु

मिनी जैन एंड पार्टी ने जिनभक्ति के मधुर भजन प्रस्तुत किए। भक्ति संगीत से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।

सायंकाल श्रीजी की मंगल आरती के बाद मुनिसंघ के सान्निध्य में ‘वंडरफुल जिज्ञासा समाधान’ कार्यक्रम हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने धर्म एवं आध्यात्मिक विषयों से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

आगामी दिनों में जारी रहेंगे अनुष्ठान

मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि आगामी दिनों में भी भगवान जिनेंद्र का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन-अर्चना एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न होंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से विधान में सहभागी होकर धर्मलाभ लेने की अपील की।

कार्यक्रम में अशोक जैन, विनीत जैन, सोनू जैन, अमित जैन, महेंद्र इंद्र कपिल-माया जैन, सनत इंद्र आशीष-राखी जैन, ब्रह्मा इंद्र तुषार-सीखी जैन, सौधर्म इंद्र शुभम-शिखा जैन, कुबेर इंद्र नमित-प्रगति जैन, महायज्ञनायक शैंकी-महिमा जैन, यज्ञनायक अतुल-रेनू जैन एवं ईशान इंद्र कमल-रिंकी जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्रीफल साथी : शुभम जैन, आगरा