आगरा। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, कलाकुंज, मारुति स्टेट में वात्सल्य सेवा समिति कलाकुंज-अवधपुरी के तत्वावधान में चल रहे 44 दिवसीय श्री पार्श्वनाथ कल्याण स्तोत्र मंदिर विधान का आठवां दिन रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।

प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। भगवान पार्श्वनाथ की आराधना, मंत्रोच्चार और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

विधि-विधान से संपन्न हुईं धार्मिक क्रियाएं

विधानाचार्य पंडित सुमेर जैन शास्त्री एवं अंकित जैन शास्त्री के निर्देशन में इंद्र-इंद्राणियों ने मंत्रोच्चार के साथ विधान की धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं। श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ के समक्ष अष्टद्रव्य अर्पित कर पूजन-अर्चना की।

श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और आत्मकल्याण की मंगल कामना की। भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।

भक्ति गीतों पर भावविभोर हुए श्रद्धालु

विधान के दौरान आयोजित संगीतमय भक्ति कार्यक्रम ने धार्मिक वातावरण को और भी आनंदमय बना दिया। मधुर भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ की स्तुति की और भक्तिरस में लीन नजर आए।

इन परिवारों ने किया पुण्यार्जन

विधान के आठवें दिवस के पुण्यार्जक मोहिनी-आशा जैन, संजय-पूनम जैन तथा आशीष-अर्चना जैन, कलाकुंज परिवार रहे। परिवारजनों ने भगवान पार्श्वनाथ की आराधना कर विधान में सहभागिता की।

आयोजकों ने बताया कि विधान के आगामी दिनों में भी पूजन-अर्चना, विभिन्न धार्मिक क्रियाएं एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वात्सल्य सेवा समिति कलाकुंज-अवधपुरी और कलाकुंज मंदिर समिति के पदाधिकारी व सदस्य व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।

इस अवसर पर अध्यक्ष रविंद्र जैन, राजीव जैन, अजय जैन मास्टर, आदित्य जैन, आगम जैन, शुभम जैन, रश्मि जैन, पुष्पा जैन, उपासना जैन, रतिभा जैन एवं बबीता जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्रीफल साथी : शुभम जैन