आगरा। जयपुर हाउस स्थित टीचर्स कॉलोनी के श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य श्री सौभाग्यसागरजी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में चल रहे दस दिवसीय श्री जिनसहस्रनाम महाअर्चना एवं महामृत्युंजय महाशांति अनुष्ठान का छठा दिन शुक्रवार को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।

श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति के तत्वावधान में 11 अक्टूबर से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

अभिषेक, शांतिधारा और अष्टद्रव्य अर्घ्य

छठे दिन विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान जिनेंद्र का अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद विधान पात्रों एवं श्रद्धालु भक्तों ने अष्टद्रव्य से श्रीजी के चरणों में अर्घ्य समर्पित किए।

श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और समस्त प्राणियों के कल्याण की मंगल कामना की। मंदिर परिसर भगवान के जयकारों एवं मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहा।

मंगल आरती एवं गुरु भक्ति

सायंकाल संगीतमय श्रीजी की मंगल आरती एवं गुरु भक्ति का आयोजन हुआ। भक्ति गीतों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने जिनेंद्र भगवान और गुरु भगवंतों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

20 अक्टूबर तक चलेगा अनुष्ठान

दस दिवसीय आयोजन 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 7 से 10 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। मंदिर समिति अध्यक्ष राकेश जैन एवं मंत्री दीपक जैन ने धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विनोद रांवका, चक्रवर्ती पंकज जैन, नीरज जैन, सिद्धांत जैन, देवांश जैन, महायज्ञनायक विमल जैन, आदित्य जैन, अरिहंत जैन, सौधर्म इंद्र रविंद्र जैन, नमन जैन, कुबेर इंद्र मनोज जैन, ऋषभ जैन, यज्ञनायक सुबोध संकल्प, शची जैन, ईशान इंद्र, सिद्धार्थ पारस जैन, सनत इंद्र शैलू जैन रांवका, बाहुबली संजय जैन, विभव जैन एवं वर्धन जैन सहित शांतिनाथ महिला मंडल, स्वास्तिक महिला मंडल एवं शांतिनाथ युवा मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

श्रीफल साथी : आगरा