आगरा। श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, कर्मयोगी में दशलक्षण पर्व के अंतर्गत उत्तम शौच धर्म के अवसर पर राजुल महिला मंडल ने धार्मिक ज्ञान को रोचक अंदाज में प्रस्तुत करते हुए ‘दशलक्षण का चतुर कौन?’ क्विज गेम आयोजित किया। बालिकाओं के मंगलाचरण नृत्य से कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
एलईडी स्क्रीन पर हुए 8 रोमांचक राउंड
क्विज में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कुल आठ राउंड आयोजित किए गए। प्रत्येक राउंड में पर्ची निकालकर चार-चार प्रतिभागियों का चयन किया गया।
प्रतिभागियों से धर्म से जुड़े ज्ञानवर्धक और पहेलीनुमा प्रश्न पूछे गए। इमोजी के संयोजन से धार्मिक शब्द पहचानना, चित्र देखकर भगवान एवं मुनिराज को पहचानना और इमोजी से भजनों का अनुमान लगाना प्रतियोगिता के प्रमुख आकर्षण रहे।
बराबरी हुई तो कराने पड़े तीन टाई-ब्रेकर
प्रतिभागियों के बीच कई राउंड में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बराबरी की स्थिति बनने पर तीन टाई-ब्रेकर राउंड कराए गए। विशेष प्रश्नों के माध्यम से अंतिम विजेताओं का चयन किया गया। प्रतियोगिता में कुल आठ प्रतिभागी विजेता बने।
दर्शकों को भी आयोजन से जोड़ने के लिए बीच-बीच में उनसे सवाल पूछे गए, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह और सहभागिता बनी रही।
खेल-खेल में धार्मिक ज्ञान बढ़ाने की पहल
राजुल महिला मंडल की अध्यक्ष सुलेखा जैन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों, युवाओं और समाज के अन्य सदस्यों में खेल-खेल में धार्मिक ज्ञान बढ़ाने के साथ उत्साह और सहभागिता की भावना को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को आपस में जोड़ने के साथ नई पीढ़ी में धार्मिक संस्कारों को मजबूत करने का माध्यम भी बनते हैं।
महिला मंडल की सदस्यों ने संभाली क्विज की कमान
कार्यक्रम के प्रायोजक सुनील कुमार जैन एवं परिवार रहे। क्विज का संचालन सुलेखा जैन, सुप्रिया जैन, सलोनी जैन, डिंपल जैन एवं पारुल जैन ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में रवीना, निकिता, नीतू, साक्षी, वंदना, राखी, रुचि, नेहा, प्रियंका, सुधा, कोमल, प्रज्ञा, रूपाली एवं शेफली सहित राजुल महिला मंडल की अन्य सदस्यों ने सहयोग किया।




