आगरा। पर्युषण एवं दशलक्षण महापर्व के समापन पर पार्श्वनाथ दिगंबर जैसवाल जैन उपरोंचिया पंचायती मंदिर, छीपीटोला के तत्वावधान में श्री पार्श्वधाम में पारंपरिक क्षमावाणी महापर्व समारोह श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित किया गया।

समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। क्षमा, प्रेम, मैत्री और भाईचारे के संदेश से पूरा वातावरण भावमय रहा।

मुनिसंघ के सान्निध्य में आयोजन

समारोह युवा प्रणेता मुनि समत्वसागर महाराज, मुनि शीलसागर महाराज एवं मुनि सुप्रभातसागर महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ महिलाओं के भक्तिगीत एवं मंगलाचरण से हुआ।

झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में पहुंचे। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। आगरा की जैन समाज की ओर से भी राज्यपाल का अभिनंदन कर क्षमावाणी पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। छावनी क्षेत्र के विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

चित्र अनावरण और शास्त्र भेंट

आगरा के श्रेष्ठीजनों ने चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया। मुनि समत्वसागर महाराज के समक्ष शास्त्र भेंट किए गए। धार्मिक परंपराओं के साथ श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

क्षमा आत्मशुद्धि का मार्ग

मुनि समत्वसागर महाराज ने मंगल उद्बोधन में कहा कि क्षमा केवल एक शब्द नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और मन की निर्मलता का मार्ग है। अहंकार, क्रोध और वैमनस्य का त्याग कर प्रेम, करुणा तथा मैत्री का भाव अपनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि क्षमावाणी पर्व आपसी मनमुटाव को भुलाकर संबंधों में मधुरता तथा समाज में सौहार्द बढ़ाने की प्रेरणा देता है।

परस्पर क्षमा याचना

समारोह के समापन पर श्रद्धालुओं ने जाने-अनजाने हुई भूलों के लिए एक-दूसरे से क्षमा याचना की। सभी ने आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल ने किया।

कार्यक्रम में सहभागिता

समारोह में संदेश जैन, मनोज जैन, राजीव जैन, अक्षय जैन, दीपक जैन, हेमंत जैन, प्रवीण जैन, बबली जैन, मुरारीलाल जैन, संजीव जैन, अमित जैन, सत्येंद्र जैन, वैभव जैन, विनीत जैन, आयुष जैन और मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित छीपीटोला जैन समाज के पदाधिकारी, महिलाएं, युवा तथा अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्रीफल साथी : आगरा