इंदौर। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित गरबा महोत्सव में महिलाओं ने भक्ति, उत्साह और उमंग के साथ गरबा किया। आयोजन में भारतीय संस्कृति और परंपराओं के साथ महिलाओं के स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया। यह महोत्सव टीना मेलवानी के मार्गदर्शन में लगातार सातवें वर्ष आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वास्तु विशेषज्ञ नम्रता अजमेरा ने अपने कार्यों एवं अनुभवों की जानकारी साझा की। साथ ही बताया कि घर और कार्यालय में सामान्य बदलावों के माध्यम से भी वास्तु संबंधी सुधार किए जा सकते हैं।

गरबा प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई

शिक्षा, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं समाजसेवा के क्षेत्र से जुड़ी रुचि चोविश्या जैन ने गरबा प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई। वे विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं तथा नारी गौरव, वुमन अचीवर और बेस्ट मीडिया पर्सनैलिटी सहित कई सम्मानों से सम्मानित हो चुकी हैं। प्रतियोगिता में गुंजन जैन ने बेस्ट ड्रेस, रचना तिवारी ने बेस्ट डांस बीट, स्वातिसिंह ने बेस्ट डांस और प्रियंका शर्मा ने बेस्ट एनर्जी का खिताब प्राप्त किया।

परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया

टीना मेलवानी पिछले 12 वर्षों से ज़ुम्बा, योग और नृत्य के माध्यम से महिलाओं को नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक कर रही हैं। इस आयोजन में परंपरा और फिटनेस के समन्वय के माध्यम से महिलाओं को सक्रिय जीवनशैली अपनाने और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया गया।