मुरैना/अम्बाह। नगर में चातुर्मासरत आचार्य श्री सिद्धांत सागर महाराज की शिष्या आर्यिका श्री संगममति माताजी ससंघ के मंगल सान्निध्य में आयोजित 35 दिवसीय णमोकार महामंत्र वाचन कार्यक्रम में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। इसी क्रम में चंदनबाला महिला मंडल द्वारा णमोकार महामंत्र की भव्य आरती एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में महिलाएं इंद्राणी बग्गी पर सवार होकर हाथों में आरती की थाली लेकर बैंड-बाजे और धार्मिक जयघोष के साथ निकलीं। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं एवं समाजजनों ने सहभागिता की। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया। पूरा वातावरण णमोकार महामंत्र के जयघोष और भक्ति गीतों से गूंज उठा।
भक्तिगीतों और सामूहिक जयघोष के बीच की आरती
शोभायात्रा में महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालु धार्मिक गीतों पर भक्ति में लीन नजर आए। आर्यिका श्री संगममति माताजी के सान्निध्य को लेकर समाजजनों में विशेष श्रद्धा एवं उत्साह दिखाई दिया। मार्ग में श्रद्धालुओं ने माताजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई जैन बगीची पहुंची, जहां णमोकार महामंत्र की भव्य आरती का आयोजन किया गया। दीपों की रोशनी, भक्तिगीतों और सामूहिक जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से आरती की। इससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय हो गया। महिलाओं ने भगवान की आराधना करते हुए परिवार और समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना की।
महिलाओं ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई
चंदनबाला महिला मंडल की महिलाओं ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजकों ने बताया कि णमोकार महामंत्र जैन समाज की आध्यात्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। सामूहिक रूप से महामंत्र का स्मरण करने से मन में शांति, सकारात्मकता और आत्मिक ऊर्जा का संचार होता है। आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक संस्कार, एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करना है। शोभायात्रा के दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में धार्मिक उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने अम्बाह नगर के वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।




