जबलपुर। दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के 31वें राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन आगामी 3 जनवरी 2027 को माँ नर्मदा के पावन तट पर स्थित ओरिका रिसोर्ट, नागपुर रोड में दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप, जबलपुर संस्कारधानी के तत्वावधान में किया जाएगा। इस राष्ट्रीय आयोजन की तैयारियों के क्रम में अधिवेशन कार्यालय का शुभारंभ रविवार को रात 7:30 बजे बड़ा फुहारा स्थित संजय प्लास्टिक के बाजू में किया जाएगा। कार्यालय का शुभारंभ दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर झांझरी, निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश विनायका, राष्ट्रीय महासचिव विनय जैन, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अश्विन कासलीवाल, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव संजय पापड़ीवाल एवं सीए मनोज जैन, अध्यक्ष महाकौशल-विंध्य रीजन सहित समस्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में होगा। इस अवसर पर जबलपुर के समस्त दिगम्बर जैन सोशल ग्रुपों के अध्यक्ष, सचिव, पदाधिकारी एवं सदस्यगण भी उपस्थित रहेंगे।
350 से अधिक ग्रुप के सदस्य लेंगे भाग
दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक नितिन जैन ने बताया कि यह राष्ट्रीय अधिवेशन सामाजिक एकता, पारिवारिक सौहार्द एवं संगठनात्मक सहभागिता का एक भव्य मंच बनेगा। इस वार्षिक आयोजन में संपूर्ण भारत के 350 से अधिक ग्रुपों से 1000 से अधिक दंपति सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप जबलपुर संस्कारधानी द्वारा सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों, स्थानीय ग्रुपों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से कार्यालय शुभारंभ समारोह में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की।




