आगरा। गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे 16 दिवसीय पंचम वर्ष श्री शांतिनाथ महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का शनिवार को हवन-पूजन एवं मंत्रोच्चार के बीच भव्य समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने विधि-विधानपूर्वक हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर विश्व शांति, सुख-समृद्धि एवं सर्वजन मंगल की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर धार्मिक जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय बना रहा। महायज्ञ के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। विश्व शांति महायज्ञ में प्रदीप जैन एवं लक्ष्मी जैन कोठी केवल सहाय यज्ञनायक रहे। वहीं प्रमोद जैन एवं नेता जैन तथा प्रशांत जैन एवं प्रवीणा जैन ने भी यज्ञनायक के रूप में सहभागिता करते हुए हवन में आहुतियां समर्पित कीं। सोलह दिवसीय धार्मिक आयोजन में शास्त्री सौरव जैन एवं शास्त्री रविंद्र जैन का मंगल सान्निध्य एवं मार्ग दर्शन प्राप्त हुआ। प्रतिदिन पूजन, विधान एवं धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है

मंदिर व्यवस्थापक सुभाष जैन ने बताया कि भगवान शीतलनाथ की कृपा एवं समाज के सामूहिक सहयोग से यह आयोजन पूरे सोलह दिनों तक भव्यता और धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वर्षभर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। आने वाले समय में भी अन्य कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी। आयोजन को सफल बनाने में जैन दर्शन मित्र मंडल,सौरव सागर महिला मंडल,वरिष्ठ पुजारी विजेंद्र जैन,प्रमोद जैन,रविंद्र जैन, समस्त पुजारीगण एवं राकेश जैन पार्षद सहित समाज के सभी लोगों का विशेष सहयोग रहा।

सामूहिक सहभागिता से ही ऐसे धार्मिक होते हैं आयोजन सफल

समापन अवसर पर मंदिर व्यवस्थापक सुभाष जैन ने सभी पुजारीगण, समितियों,महिला मंडल, समाजजनों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता और सामूहिक सहभागिता से ही ऐसे धार्मिक आयोजन सफल होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सभी के सहयोग से धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।