आगरा। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर,कलाकुंज, मारुति स्टेट में वात्सल्य सेवा समिति, कलाकुंज- अवधपुरी के तत्वावधान में चल रहे 44 दिवसीय पार्श्वनाथ कल्याण स्रोत मंदिर विधान का तृतीय दिवस रविवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ सानंद संपन्न हुआ। विधान में प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में भगवान पार्श्वनाथ की आराधना, मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम शुरू हो गया। उपस्थित इंद्र- इंद्राणियों ने पंडित सुमेर जैन शास्त्री के निर्देशन में विधान की मांगलिक क्रियाएं संपन्न कराईं। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से प्रभु की आराधना की। विधान के दौरान संगीतमय भक्ति का भी आयोजन हुआ। जिसमें श्रद्धालुओं ने मधुर भजनों एवं भक्तिगीतों के माध्यम से भगवान पार्श्वनाथ की भक्ति का आनंद लिया। भक्ति गीतों की स्वर लहरियों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक और भक्तिमय हो गया।श्रद्धालु भजनों पर भाव- विभोर होकर प्रभु की आराधना करते नजर आए।
आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे
तृतीय दिवस के विधान के पुण्यार्जक वर्धमान महिला मंडल एवं महावीर दिगंबर महिला मंडल,शाहगंज की विशेष उपस्थिति रही। महिला मंडलों की सदस्यों ने भी विधान में उत्साह पूर्वक सहभागिता करते हुए धर्मलाभ लिया। समिति अध्यक्ष रश्मि जैन एवं अजय जैन ने बताया कि 44 दिवसीय विधान के आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया।




