आगरा। गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे 16 दिवसीय श्री शांतिनाथ विधान के तेरहवें दिन श्रद्धालुओं ने भक्ति और आस्था के साथ भगवान शांतिनाथ की आराधना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और पूरा वातावरण धार्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। विधान के तेरहवें दिन मोतीलाल जैन, मनोज जैन एवं मंजुला जैन परिवार ने पुण्यार्जन का लाभ प्राप्त किया। पुण्यशाली परिवार की सहभागिता में चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ विधान की धार्मिक क्रियाएं प्रारंभ हुईं। विधान के दौरान भक्ति संगीत की मधुर धुनों ने श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति में पूरी तरह से लीन कर दिया। भजन और मंगल गीतों के बीच श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भगवान श्री शांतिनाथ की आराधना करते नजर आए। कई श्रद्धालु भक्ति में झूमते हुए भगवान के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करते दिखाई दिए।
जीवों के सुख-शांति एवं मंगल की कामना की
मंदिर परिसर में गूंजते भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर भगवान शांतिनाथ का अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन विधि- विधान पूर्वक संपन्न हुआ।श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चारण के साथ भगवान की आराधना करते हुए परिवार, समाज और समस्त जीवों के सुख-शांति एवं मंगल की कामना की। मंगल आरती में भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इनकी उपस्थिति रही सराहनीय
धार्मिक अनुष्ठानों का मार्गदर्शन पंडित रविंद्रकुमार जैन शास्त्री एवं सौरभ जैन शास्त्री ने कराया। उन्होंने विधान की सभी धार्मिक क्रियाएं विधि-विधानपूर्वक कराईं। इस अवसर पर नरेश जैन, राकेश जैन पार्षद, वीरेंद्रकुमार जैन, रविंद्र जैन, प्रदीप जैन, सुभाष जैन, अशोक जैन, धर्मेश जैन, धर्मेंद्र जैन, सुमन जैन, सुशीला जैन, अल्पना जैन, सुनीता जैन, शशि जैन, अदिति जैन, विजय जैन उपस्थित रहे।







