मुरैना। पंचायती बड़ा मंदिर, मुरैना से चोरी हुये भगवान के चांदी के छत्र बरामद करने तथा आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई पर सकल जैन समाज की ओर से पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस टीम का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। यह सम्मान समारोह आचार्य श्री उदारसागर जी महाराज एवं मुनि श्री प्रशांत सागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में हुआ। पुलिस अधीक्षक ने आचार्यश्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर से छत्र चोरी होने के बाद सकल जैन समाज एवं पंचायती बड़ा मंदिर कमेटी ने पुलिस प्रशासन को आवेदन देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का खुलासा किया और आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया छत्र बरामद कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से जैन समाज में प्रसन्नता का वातावरण बना।

इन समाजजनों ने किया अधिकारियों का बहुमान

श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर कमेटी अध्यक्ष अनिल जैन, मंत्री विनोद जैन, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र जैन, ऑडिटर डॉ. मनोज जैन एवं जैन समाज ने पुलिस विभाग की कार्यकुशलता, तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदोलिया, थाना प्रभारी अमितसिंह भदौरिया, सब इंस्पेक्टर दुर्गेश भदौरिया, अजबसिंह कुशवाह, अभिषेकसिंह जादौन, किशनसिंह, सहित आरक्षक रामकिशन, अशोक, श्यामबिहारी, सूरज राठौर, कुलदीप जाट, अर्जुन जाट, शैलू, सुदेशसिंह का बहुमान किया।

समाज और पुलिस के बीच सहयोग जरूरी

इ अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने कहा कि छत्र का जाना तो केवल एक निमित्त था, वास्तव में इसके माध्यम से उन्हें पूज्य संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि वे सदैव जैन समाज के करीब रहे हैं। अध्ययन के दौरान भी जैन समाज के सहपाठी उनके मित्र रहे हैं और उन्होंने जैन समाज से बहुत कुछ सीखा है। जैन समाज व्यापार, अनुशासन, संस्कार और सामाजिक मूल्यों के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। समाज और पुलिस के बीच सहयोग एवं विश्वास की भावना बनी रहना आवश्यक है। उन्होंने जैन समाज द्वारा पुलिस टीम के सम्मान को पुलिसकर्मियों के लिए उत्साहवर्धन करने वाला बताया।

उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे बढ़ाएं

पुलिस अधीक्षक ने मंदिर प्रबंधन को भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के सुझाव दिए। उन्होंने मंदिर परिसर तथा आसपास के संवेदनशील स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की बात कही। इसके साथ ही आधुनिक अलार्म एवं सेंसर सिस्टम लगाने का सुझाव भी दिया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल जानकारी मिल सके।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई प्रशंसनीय

समारोह में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश पाल गुप्ता ने भी जैन समाज की ओर से पुलिस विभाग के सम्मान में किए गए इस कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई प्रशंसनीय है और ऐसे आयोजनों से पुलिस एवं नागरिकों के बीच विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होती है। समारोह में श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अनिल जैन ने पुलिस प्रशासन का आभार माना।